इंडिया गेट से लेकर कुतुब मीनार तक... नए साल के जश्न के लिए दिल्ली तैयार, खास इंतजाम
दिल्ली में नए साल के जश्न के लिए चिड़ियाघर और स्मारकों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों से ऑनलाइन टिकट लेने और नियमों का पालन करने की अपील की है।

राजधानी में नव वर्ष के जश्न का दौर शुरू गया है। पर्यटन स्थल भी पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार हैं। चिड़ियाघर से लेकर स्मारकों तक पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और राष्ट्रीय प्राणी उद्यान ने विशेष तैयारियां की हैं। पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए उन्हें पहले से ऑनलाइन टिकट खरीदकर आने के लिए कहा गया है। साथ ही ट्रैफिक पुलिस से भी सहयोग मांगा है।
एएसआई के मुताबिक, सबसे ज्यादा लोग कुतुब मीनार को देखने पहुंचते हैं। इसके परिसर की क्षमता एक समय में 10 से 12 हजार लोगों की है। एसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. राज कुमार पटेल ने बताया कि लाल किले और हुमायूं के मकबरा में भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
इन दोनों का परिसर बड़ा है। इससे व्यवस्था में परेशानी नहीं होती है, लेकिन कुतुब मीनार में अधिक संख्या को देखते हुए पर्यटकों को परिसर पर अधिक समय तक रुकने नहीं दिया जाएगा। जिससे बाकी पर्यटक भी स्मारक को देख सकें। इसी तरह चिड़ियाघर प्रबंधन ने आगंतुकों की सुरक्षा और जानवरों की देखरेख के लिए इंतजाम किए हैं। इसमें प्रवेश द्वार, आगंतुकों के आने-जाने के स्थान, जानवरों के बाड़ों और पार्किंग जोन में लगभग 40 सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं।
चिड़ियाघर में 25 से 30 हजार लोगों के आने की उम्मीद : चिड़ियाघर में नव वर्ष पर करीब 25 से 30 हजार पर्यटकों के आने की उम्मीद है। बीते साल एक जनवरी को 25,346 पर्यटक चिड़ियाघर पहुंचे थे। इस बार इस संख्या में बढ़ोतरी की उम्मीद है। चिड़ियाघर के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस को औपचारिक रूप से सूचित किया गया है।




साइन इन