नई लाइन बिछाने से ब्लू लाइन के मेकओवर तक, जानिए दिल्ली मेट्रो से जुड़े 10 बड़े अपडेट
ये जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और सीएम रेखा गुप्ता द्वारा साझा की गई है। जानिए इन 10 बड़े बदलावों से आपकी जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा। पढ़िए कहां ओवरब्रिज बनेगा, कहां नई मेट्रो दौड़ेगी, कहां की मैट्रो एकदम नए अवतार में सामने आएगी…

राजधानी की लाइफलाइन मानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो के मेकओवर से लेकर नए कॉरिडोर बनने से जुड़े 10 अपडेट सामने आए हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने मेट्रो, सड़क, फ्लाईओवर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए ऐलान किया है कि दिसंबर 2026 तक शहर को कई बड़ी सौगातें मिलेंगी। वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बताया, ब्लू लाइन पर मिड लाइफ रिफर्बिशमेंट की शुरूआत हो चुकी है। आसान शब्दों में कहें तो 20 साल पुरानी मेट्रो का मेकओवर किया जाएगा, ताकि मेट्रो को और हाईटेक बनाया जा सके।
दिल्ली मेट्रो से जुड़े 10 बड़े अपडेट
1. 416 किलोमीटर तक पहुंचा नेटवर्क
मौजूदा समय में दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 416 किलोमीटर तक फैल चुका है, जो इसे देश के सबसे बड़े मेट्रो नेटवर्क में शामिल करता है।
2. 104 किलोमीटर नए रूट पर काम जारी
करीब 104.45 किलोमीटर लंबा नया नेटवर्क और 81 स्टेशन इस समय निर्माणाधीन हैं, जिससे कई नए इलाकों को मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी।
3. दिसंबर 2026 तक तैयार होंगे बड़े कॉरिडोर
कृष्णा पार्क एक्सटेंशन-दीपाली चौक, मजलिस पार्क-आरके आश्रम और तुगलकाबाद-एरोसिटी जैसे अहम कॉरिडोर 2026 तक पूरे होने की संभावना है।
4. फेज-4 का टारगेट 2029
फेज-4 प्रोजेक्ट के तहत लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक, इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ और रिठाला-कुंडली कॉरिडोर पर काम शुरू हो चुका है, जिसे 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

5. फ्लाईओवर और एलिवेटेड रोड पर जोर
आजादपुर से त्रिपोलिया चौक तक डबल डेकर फ्लाईओवर का 73% काम पूरा हो चुका है, जबकि यमुना विहार-भजनपुरा फ्लाईओवर 85% तैयार है। वजीराबाद से DND तक 19.2 किमी एलिवेटेड रोड और त्रिपोलिया गेट-बर्फखाना फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी तैयार है।
6. 70 ट्रेनों का मेगा अपग्रेड प्लान
DMRC के मुताबिक रेड और ब्लू लाइन की 70 ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे पुरानी ट्रेनों को नया जीवन मिलेगा।
7. 20 साल पुरानी ट्रेनें बनेंगी हाईटेक
2002 से 2007 के बीच शामिल की गई ट्रेनों को आधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है, ताकि वे नए स्टैंडर्ड के अनुरूप बन सकें।
8. अब तक 31 ट्रेनों का हो चुका मेकओवर
तीन चरणों में चल रहे इस प्रोजेक्ट के तहत अब तक 31 ट्रेनों को अपग्रेड कर दोबारा सेवा में शामिल किया जा चुका है।
9. कोच में मिलेंगी स्मार्ट सुविधाएं
यात्रियों को अब ट्रेनों में CCTV, रियल टाइम डिस्प्ले, अनाउंसमेंट सिस्टम (PA-PIS) और डायनामिक रूट मैप जैसी सुविधाएं मिलेंगी, जिससे सफर और आसान होगा।
10. सेफ्टी और कम्फर्ट दोनों पर फोकस
हर कोच में फायर डिटेक्शन सिस्टम, नए इलेक्ट्रिकल उपकरण और मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट लगाए जा रहे हैं, ताकि सुरक्षा और सुविधा दोनों को बेहतर बनाया जा सके।
दिल्ली मेट्रो का यह मेगा प्लान साफ दिखाता है कि आने वाले सालों में न सिर्फ इसका नेटवर्क तेजी से बढ़ेगा, बल्कि यात्रियों का सफर भी पहले से ज्यादा सुरक्षित, स्मार्ट और आरामदायक होने वाला है।




साइन इन