delhi mehrauli youth beaten protesting eve teasing ignu road arrests दिल्ली में लड़कियों को छेड़खानी से बचाने पर बेरहमी से पीटा, अधमरा होने तक पीटते रहे दरिंदे, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में लड़कियों को छेड़खानी से बचाने पर बेरहमी से पीटा, अधमरा होने तक पीटते रहे दरिंदे

दिल्ली के महरौली इलाके में लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर 26 वर्षीय मुकेश कुमार पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने मुकेश को पत्थरों और ईंटों से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

Thu, 5 Feb 2026 11:31 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में लड़कियों को छेड़खानी से बचाने पर बेरहमी से पीटा, अधमरा होने तक पीटते रहे दरिंदे

राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक शख्स को सिर्फ इसलिए अधमरा कर दिया गया क्योंकि उसने लड़कियों के साथ हो रही बदसलूकी के खिलाफ आवाज उठाई थी।

क्या है पूरा मामला?

सोमवार की रात संगम विहार के रहने वाले 26 वर्षीय मुकेश कुमार एक शादी समारोह से लौट रहे थे। देर रात घर लौटते वक्त इग्नू रोड पर एक स्टॉल पर वो चाय पीने के लिए रुके। वहां पहले से मौजूद चार युवक, तीन महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे और भद्दे कमेंट्स पास कर रहे थे। जब मुकेश ने उन मनचलों को रोकने की कोशिश की, तो वे आगबबूला हो गए। बात कहासुनी से शुरू होकर खूनी संघर्ष में बदल गई। बदमाशों ने मुकेश को जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दरिंदगी की हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने उस पर पत्थरों और ईंटों से हमला बोल दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दुबई में हवाला के जरिए खरीदी करोड़ों की संपत्ति, ED ने दिल्ली में कर दिया ऐक्शन

बेहोश होने के बाद भी नहीं पसीजा दिल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो में साफ दिख रहा है कि मुकेश के बेहोश हो जाने के बाद भी आरोपी उसे लात-घूंसों से पीटते रहे। वीडियो में मुकेश खून से लथपथ जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। गनीमत रही कि वहां मौजूद कुछ लोगों और एक बुजुर्ग ने बीच-बचाव कर मुकेश की जान बचाने की कोशिश की।

मुकेश ने बताया, "मैं ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करता हूं। मैं एक शादी से लौट रहा था। यह घटना सुबह 5.30 बजे हुई। मैं चाय पीने के लिए अपनी कार से उतरा। मैंने देखा कि वह आदमी उस औरत से बात कर रहा था, तो मैंने उससे कहा कि तुम्हें ऐसे बात नहीं करनी चाहिए, यह सही नहीं है। मैंने उसे धक्का दिया और फिर चार लोगों में से एक पीछे से आया और मेरे सिर पर मारा। मैं तुरंत बेहोश हो गया। मुझे यह भी याद नहीं कि उन्होंने मुझे किस चीज से मारा। मेरे परिवार ने मुझे वायरल वीडियो नहीं दिखाया।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:20 साल से क्या कर रहे थे? दिल्ली HC ने MCD की लगाई 'क्लास', RTI पर मांगा जवाब

चारों आरोपी सलाखों के पीछे

गंभीर रूप से घायल मुकेश को पहले मालवीय अस्पताल और बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल चारों आरोपियों विशाल रावत, जतिन, सोनू और विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या के प्रयास और छेड़छाड़ समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।