दिल्ली में पार्किंग की किल्लत होगी खत्म, 5000 कारों की पार्किंग बनाएगा MCD
दिल्ली नगर निगम अगले दो वर्षों में प्रमुख बाजारों और ऑफिस कॉम्प्लेक्स के पास 20 नई मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करेगा, जिससे राजधानी में 5000 से अधिक कारों की पार्किंग की समस्या का समाधान होगा।

दिल्लीवालों को हर दिन अपनी कॉलोनियों, बड़े बाजारों और कॉरपोरेट ऑफिस के आसपास पार्किंग को लेकर संघर्ष करना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम ने तैयारी की है। अगले एक-दो वर्षों में निगम प्रशासन पांच हजार से अधिक कारों की पार्किंग को तैयार करेगा। इसमें मल्टी लेवल कार पार्किंग और सरफेस पार्किंग बनाने की योजना है।
आयुक्त अश्वनी कुमार ने निगम में बजट प्रस्तुत करने के बाद 20 मल्टी लेवल कार पार्किंग को निगम द्वारा विकसित करने की जानकारी साझा की थी। अब इस योजना को आगे बढ़ाते हुए आयुक्त ने सभी जोन के वरिष्ठ अधिकारियों को पार्किंग बनाने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
सौ कार के लिए पार्किंग निर्माण में 15 करोड़ लागत
अधिकारियों के अनुसार, 86 से 100 कारों के लिए ऑटोमेटेड मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए 15 करोड़ लागत आती है। ग्रेटर कैलाश-1 एम ब्लॉक मार्केट में तैयार 399 कारों की रोबोटिक पार्किंग के निर्माण में 63 करोड़ रुपये की लागत आई है।
इन इलाकों को चुना गया
अधिकारियों के अनुसार, कर्मपुरा के व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स के आसपास, दक्षिणी दिल्ली में कई ऑफिस कॉम्प्लेक्स और बाजारों के आसपास, विकासपुरी, जनकपुरी, नेताजी सुभाष प्लेस, पीतमपुरा, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर, पश्चिमी दिल्ली में नई मल्टीलेवल कार पार्किंग को तैयार करने की योजना है।
20 मल्टीलेवल पार्किंग बनाने पर बनी सहमति
निगम स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए कई स्थानों पर मल्टीलेवल कार पार्किंग विकसित करेंगे। निगम का प्रयास है कि ये नई पार्किंग अगले दो वर्षों में सभी जोन में विकसित की जाएं। इस संबंध में निगम और अधिकारियों की मुख्यमंत्री के साथ लगातार बैठक हुई है। इसके बाद 20 मल्टीलेवल कार पार्किंग को तैयार करने पर सहमति बनी है।




साइन इन