दिल्ली-NCR में कल-परसों 25 तक की स्पीड से चलेंगी हवाएं, कोहरे और ठंड पर क्या अपडेट?
Delhi Weather and Cold Forecast: मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद गिरावट आने की उम्मीद है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के ऊपर 140 समुद्री मील की स्पीड से तेज हवाएं चल रही हैं। IMD की मानें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर में भी मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों में 2 दिन तेज हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया है। आज रात को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। इसके बाद कल से मौसम में बदलाव दिखेगा।
कल चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने कल यानी 23 दिसंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। हालांकि इसके बाद धूप निकलने का अनुमान है। दिल्ली में मंगलवार को 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। ऐसी स्थितियां फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी देखी जा सकती हैं।
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग ने 23 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार यानी 24 दिसंबर को तापमान में और गिरावट आएगी। इस दिन दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। इस दिन दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आसमान साफ रहने का अनुमान है।
परसों भी तेज हवाएं, सुबह को कोहरा
मौसम विभाग ने 24 दिसंबर को दिल्ली में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई है। हालांकि इस दिन सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा अलग-अलग जगहों पर देखा जा सकता है। दिन में धूप खिलने का अनुमान है। तेज हवाओं के चलते मंगल और बुधवार को पलूशन में कुछ कमी देखी जा सकती है। एनसीआर के शहरों में भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
25 से गिरेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर गलन का असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी नजर आएगा। दिल्ली में 25 से लेकर 28 दिसंबर के दौरान न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। दिल्ली में 25, 26 और 28 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। यानी इन दिनों दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है।
3 दिन हल्के छिटपुट बादल, हवा भी धीमी
25 दिसंबर को दिल्ली में आसमान साफ रहने और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। 26 से 28 दिसंबर के दौरान दिल्ली और एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट आंशिक बादलों के दिखने का अनुमान है। इस दौरान दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। हवा की स्पीड भी धीमी रहेगी जिससे पलूशन में बढोतरी देखी जा सकती है।




साइन इन