Delhi Fire: अंदर आग, बाहर ताला; दिल्ली में कैसे जिंदा जल गए 21, इलाज कराने आए विदेशी भी मरे
दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण आग लगने से कई लोगों की मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। बताया गया कि स्टे में कई विदेशी नागरिक ठहरे हुए थे।

दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार को भीषण अग्निकांड में 40 से ज्यादा लोग हताहत हो गए। आग में जलकर 21 लोगों की मौत हो गई तो करीब इतने ही बुरी तरह झुलसे हुए हैं। मारे गए और जख्मी लोगों में कई विदेशी भी शामिल हैं। इमारत में एक रेस्टोरेंट के अलावा ठहरने के लिए होटल भी था। बताया जा रहा है कि इमारत में ठहरे ज्यादातर लोग वे हैं जिनके परिजनों का पास में स्थित मैक्स अस्पताल में इलाज चल रहा था।
बताया जा रहा है कि होटल के पास 6 कमरों का ही B2B का लाइसेंस था, लेकिन इसमें 25 से ज्यादा कमरे बनाए गए थे। इमारत से निकलने का एक ही रास्ता था। कुछ लोग बेसमेंट में भी थे। हैरानी की बात यह भी है कि लोग आग में अंदर चल रहे थे और बेसमेंट के बाहरी गेट पर ताला लगा हुआ था। कुछ लोगों ने आग की लपटों के बीच कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की।
आग वाली इमारत से 40 से अधिक लोग निकाले गए
डीसीपी साउथ अनंत मित्तल के मुताबिक सुबह 8:48 बजे मालवीय नगर से फ्लोरिश स्टे नाम के होटल-रेस्टोरेंट से आग लगने सूचना मिली। सूचना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। दमकल की 8 गाड़ियों से आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू हुईं। अंदर फंसे लोगों को बचाने का काम शुरू किया गया। इमारत से 40 से अधिक लोगों को निकालकर पास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। उन्होंने 21 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि राहत और बचाव का काम जारी है।

पीड़ितोंं में कई अफ्रीकी नागरिक
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिंदा जलकर मरे और जख्मी लोगों में कई विदेशी नागरिक थे। इनमें ज्यादातर अफ्रीकी मुल्कों के बताए जा रहे हैं। ये लोग मैक्स अस्पताल में इलाज के लिए आए थे और इस स्टे में रुके हुए थे।
इमारत से कूदे कई लोग
आग लगने के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने सबसे पहले लोगों को बचाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटों से लोगों को निकलकर भागने का मौका नहीं मिला। कई लोग तीसरी मंजिल से नीचे कूद गए। स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे बिछाए और लोगों को बचाने की भरसक कोशिश की।
कैसे लगी आग?
इमारत में आग कैसे लगी, इसको लेकर ज्यादा जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, मौके पर पहुंचे 'आप' नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि आग होटल के सामने तारों के जाल में शॉर्ट सर्किट से लगी। उन्होंने कहा कि यहां से आग किचन तक पहुंची और फिर पूरी इमारत लपटों में घिर गई।




साइन इन