दिल्ली एयरपोर्ट पर जिस यात्री को पायलट ने पीटा, उसकी मेडिकल रिपोर्ट में क्या निकला?
दिल्ली एयरपोर्ट पर ऑफ-ड्यूटी पायलट ने मामूली विवाद के बाद एक यात्री की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी नाक में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पायलट को सस्पेंड कर दिया है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले हफ्ते हुई एक मारपीट की घटना ने सबको चौंका दिया। ऑफ-ड्यूटी एयर इंडिया एक्सप्रेस पायलट ने कथित तौर पर एक यात्री को पीटा, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई। यह सब उनकी सात साल की बेटी के सामने हुआ, जो बुरी तरह डर गई। इस मामले में घायल यात्री की मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें नाक में फ्रैख्टर और गंभीर चोटें हैं।
घटना कैसे शुरू हुई?
यात्री अंकित देवान अपनी पत्नी, चार महीने के बच्चे और सात साल की बेटी के साथ ट्रैवल कर रहे थे। छोटे शिशु की वजह से एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें स्टाफ वाली सिक्योरिटी लाइन से जाने की अनुमति दी। वहां कुछ स्टाफ मेंबर लाइन तोड़कर आगे निकल रहे थे।
अंकित ने उन्हें टोका तो कैप्टन विरेंदर सेजवाल नाराज हो गए। उन्होंने अंकित से कहा कि क्या वे अनपढ़ हैं और साइन नहीं पढ़ सकते, जो स्टाफ के लिए लिखा है। बात बढ़ी और दोनों के बीच हाथापाई हो गई। अंकित के चेहरे से खून बहने लगा। उन्होंने इसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है, जिसमें कथित हमला साफ दिख रहा है। अंकित की मेडिकल रिपोर्ट भी आ गई, जिसमें नाक का फ्रैक्चर और अन्य चोटें दर्ज हैं।
पुलिस ने कैप्टन सेजवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115 (मारपीट), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज की है। अंकित का बयान रिकॉर्ड हो चुका है। मौके पर बीच-बचाव करने वाले सीआईएसएफ कर्मियों का बयान भी लिया जा रहा है।
पायलट का पक्ष
कैप्टन सेजवाल ने भी क्रॉस कंप्लेंट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि अंकित ने पहले बिना वजह गाली-गलौज शुरू की और धमकियां दीं। उन्हें भी चोटें आईं। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। अंकित की सोशल मीडिया पोस्ट वायरल होने के बाद एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कैप्टन सेजवाल को तुरंत सस्पेंड कर दिया। जांच पूरी होने तक वे ड्यूटी पर नहीं लौट सकेंगे।




साइन इन