Delhi government appoints DMs to newly organised districts दिल्ली सरकार ने नए बनाए गए जिलों में नियुक्त किए DM, जानिए किसे मिली कहां पोस्टिंग?, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली सरकार ने नए बनाए गए जिलों में नियुक्त किए DM, जानिए किसे मिली कहां पोस्टिंग?

नए पुनर्गठन के दौरान शाहदरा जिले को अन्य जिलों में मिला दिए जाने के बाद प्रदेश में राजस्व जिलों की संख्या 13 हो गई है। ये 13 जिले हैं साउथ ईस्ट, ओल्ड दिल्ली, नॉर्थ, नई दिल्ली, सेंट्रल, सेंट्रल नॉर्थ, साउथ वेस्ट, आउटर नॉर्थ, नॉर्थ वेस्ट, नॉर्थ ईस्ट, ईस्ट, साउथ और वेस्ट।

Sat, 27 Dec 2025 07:42 PMSourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share
दिल्ली सरकार ने नए बनाए गए जिलों में नियुक्त किए DM, जानिए किसे मिली कहां पोस्टिंग?

दिल्ली सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए हाल ही में बनाए गए नए जिलों में डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं। इसके अलावा सरकार ने कई अन्य AGMUT कैडर के IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया है। इस बारे में जारी सेवा विभाग के एक आदेश में बताया गया है कि 2012 बैच के अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर के IAS अधिकारी जी.सुधाकर को सेंट्रल जिले से ओल्ड दिल्ली में नए जिलाधीश (DM) के रूप में स्थानांतरित किया गया है।

इसके अलावा 2016 बैच के DANICS (दिल्ली, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दमन, दीव और दादरा व नगर हवेली सिविल सेवा) अधिकारी शशिपाल डाबास को पुरानी दिल्ली जिले के नए अतिरिक्त डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (ADM) के रूप में तैनात किया गया है। माला सूद (DANICS 2019) को सदर बाजार डिवीजन की सब-डिवीजनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। मनोज कुमार (DANICS 2022) पुरानी दिल्ली के अंतर्गत चांदनी चौक के सब डिवीजन मजिस्ट्रेट होंगे।

पूर्व शाहदरा जिले के डीएम शैलेंद्र सिंह परिहार का तबादला सेंट्रल नॉर्थ जिले में करते हुए उन्हें वहां का नया डीएम बनाया गया गया है। उधर अभिषेक भुक्कल (DANICS 2018) को शालीमार बाग का SDM बनाया गया है, जबकि पवन कुमार (DANICS 2020) को मॉडल टाउन का SDM बनाया गया है।

कुमार अभिषेक (AGMUT 2016) आउटर नॉर्थ जिले के नए डीएम होंगे, जबकि अंकुर मेश्राम (DANICS 2014) यहां के ADM होंगे। शिव सिंह मीना (DANICS 2018) मुंडका के SDM होंगे, कनिका (DANICS 2022) नरेला और जरड प्रतीक अनिल (DANICS 2023) नए जिले के तहत बवाना सब-डिवीजन के SDM होंगे।

इससे पहले दिल्ली सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय राजधानी में जिलों के पुनर्गठन की अधिसूचना जारी की, जिसमें तीन नए जिलों ओल्ड दिल्ली, सेंट्रल नॉर्थ और आउटर नॉर्थ को बनाने को मंजूरी दी गई है। इस नए पुनर्गठन के दौरान शाहदरा जिले को अन्य जिलों में मिला दिए जाने के बाद प्रदेश में राजस्व जिलों की संख्या पहले के 11 से बढ़कर 13 हो गई है। ये 13 जिले हैं साउथ ईस्ट, ओल्ड दिल्ली, नॉर्थ, नई दिल्ली, सेंट्रल, सेंट्रल नॉर्थ, साउथ वेस्ट, आउटर नॉर्थ, नॉर्थ वेस्ट, नॉर्थ ईस्ट, ईस्ट, साउथ और वेस्ट।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।