delhi dtc bus free travel pink ncmc card women transgender दिल्ली की महिलाओं के लिए गुड न्यूज, मुफ्त सफर के लिए अगले महीने से मिलेंगे कार्ड, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली की महिलाओं के लिए गुड न्यूज, मुफ्त सफर के लिए अगले महीने से मिलेंगे कार्ड

दिल्ली में महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को मुफ्त बस यात्रा के लिए अब पिंक टिकट के बजाय जल्द ही NCMC कार्ड मिलेंगे। डीटीसी फरवरी से यह सुविधा शुरू कर सकती है जिसके लिए दिल्ली का आधार कार्ड होना अनिवार्य होगा।

Wed, 14 Jan 2026 05:53 AMAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, राजीव शर्मा। नई दिल्ली
share
दिल्ली की महिलाओं के लिए गुड न्यूज, मुफ्त सफर के लिए अगले महीने से मिलेंगे कार्ड

दिल्ली की बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रखने के लिए जल्द एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) कार्ड जारी होने शुरू हो जाएंगे। डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।

डीटीसी के मुताबिक,महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए पिंक कार्ड निशुल्क जारी होगा, जबकि रियायती यात्रा और सामान्य यात्रा के लिए जारी किए जाने वाले पास के लिए लोगों को मामूली शुल्क देना पड़ेगा। मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों की तरह जारी होने वाले कार्ड का यह शुल्क सिर्फ एक बार लिया जाएगा।

पिंक टिकट का सिस्टम होगा खत्म

फिलहाल महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को दिल्ली की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक टिकट जारी किए जाते हैं। दिल्ली में रोजाना करीब सात लाख पिंक टिकट जारी किए जाते हैं। महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स को प्रत्येक यात्रा के लिए अलग-अलग टिकट लेना पड़ता है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली-NCR में ठंड प्रचंड, 3 डिग्री तक लुढ़का पारा, टूटा 3 साल का रिकॉर्ड

फरवरी में जारी हो सकते हैं कार्ड

डीटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि एनसीएमसी कार्ड जारी करने के लिए प्राइवेट कंपनियों को करीब एक महीना लगेगा। कार्यादेश जारी हो जाने के बाद कंपनियां निर्धारित केंद्रों पर अपना सेटअप लगाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई है कि कार्ड जारी करने की प्रक्रिया फरवरी में शुरू हो सकती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दिल्ली में DTC बसों के दो नए रूट को मंजूरी, 13 मेट्रो स्टेशनों तक आसान होगी राह

दिल्ली का आधार कार्ड होना अनिवार्य

कार्ड के लिए पात्र महिलाओं और ट्रांसजेंडर्स के लिए दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड जरूरी होगा। इसके अलावा रियायती यात्रा का कार्ड और सामान्य कार्ड मामूली शुल्क लेकर जारी किया जाएगा। सामान्य श्रेणी के कार्ड को कोई भी यात्री निर्धारित शुल्क देकर ले सकता है, जबकि रियायती पास उन्हीं यात्रियों को जारी किए जाएंगे, जो उसकी पात्रता को पूरा करेंगे। मसलन, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजन, पत्रकार, खिलाड़ी या अन्य श्रेणी में आने वाले लोगों को इससे संबंधित दस्तावेज भी देने होंगे। उधर,कंपनियों को भी कार्ड जारी किए जाने की एवज में पैसा मिलेगा। उन्हें कार्ड धारकों की प्रत्येक यात्रा पर कमीशन भी मिलेगा। यह कमीशन उन्हें सरकार की ओर से दिया जाएगा। इसका भार जनता पर नहीं पड़ेगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।