हिमाचल से दिल्ली-NCR तक फैला मलाणा चरस का सिंडिकेट ध्वस्त, मुख्य सप्लायर समेत 5 अरेस्ट
दिल्ली पुलिस ने हिमाचल से दिल्ली-NCR में मलाणा चरस सप्लाई करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य सप्लायर सहित 5 तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की पूर्वी जिला स्पेशल स्टाफ ने एक बड़े अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह हिमाचल प्रदेश से हाई क्वालिटी वाली 'मलाणा चरस' लाकर दिल्ली-एनसीआर में अवैध रूप से बेचता था। हिमाचल पुलिस ने इस मामले में कुल्लू के मुख्य सप्लायर सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 480.4 ग्राम उच्च गुणवत्ता की मलाणा चरस और तस्करी के नेटवर्क में इस्तेमाल होने वाले सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
FIR दर्ज कर गहन जांच
डीसीपी राजीव कुमार ने शुक्रवार को बताया कि 9 अप्रैल को गाजीपुर के घड़ोली गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने 2 संदिग्धों गाजियाबाद के लोनी निवासी 31 वर्षीय शुभम जैन और बागपत, यूपी निवासी 21 वर्षीय राहुल कुमार को पकड़ा।
FIR दर्ज कर, जांच शुरू
तलाशी लेने पर उनके पास से 115 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद गाजीपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत FIR दर्ज कर गहन जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुलती गई नेटवर्क की परतें
गिरफ्तार आरोपियों से लंबी पूछताछ और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर 18 अप्रैल को गिरोह के एक अन्य अहम सदस्य 27 वर्षीय विशाल भारद्वाज को दबोचा गया। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से 101.4 ग्राम मलाणा चरस मिली, जबकि बाद में गुरुग्राम स्थित उसके ठिकाने से 264 ग्राम चरस और बरामद की गई।
हिमाचल के कुल्लू जिले के मलाणा गांव में दबिश
विशाल से पूछताछ में पुलिस को इस गिरोह के मुख्य स्रोत का पता चला। पुलिस टीम ने तुरंत हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले स्थित मलाणा गांव में दबिश दी और वहां से 24 वर्षीय उर्मेश को गिरफ्तार कर लिया, जो इस प्रीमियम चरस का मुख्य सप्लायर था।
ऐसे चलता था गोरखधंधा
जांच में सामने आया है कि उर्मेश मलाणा से सीधे चरस की खेप भेजता था। दिल्ली के बुराड़ी का रहने वाला 31 वर्षीय हरदीप, जोकि बस कंडक्टर है, कूरियर के रूप में इस माल को दिल्ली पहुंचाता था।
गिरोह के अन्य लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
हरदीप पहले से ही एक अन्य एनडीपीएस मामले में न्यायिक हिरासत में है, जिसे अब इस केस में भी गिरफ्तार किया जा रहा है। माल दिल्ली पहुंचने के बाद गेस्ट हाउस संचालक शुभम और कैफे मालिक विशाल भारद्वाज के जरिए इसे दिल्ली और हरियाणा के इलाकों में महंगे दामों पर बेचा जाता था। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।




साइन इन