Delhi court allows Tahawwur Rana 3 phone calls with kin in 26/11 Mumbai attack case भाई से 3 बार बात कर सकेगा तहव्वुर राणा, दिल्ली की अदालत ने दो शर्तों संग दी अनुमति; हिरासत भी बढ़ाई, Ncr Hindi News - Hindustan
More

भाई से 3 बार बात कर सकेगा तहव्वुर राणा, दिल्ली की अदालत ने दो शर्तों संग दी अनुमति; हिरासत भी बढ़ाई

पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा 26 नवंबर साल 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के मुख्य साजिशकर्ता और अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है।

Wed, 13 Aug 2025 06:11 PMSourabh Jain पीटीआई, नई दिल्ली
share
भाई से 3 बार बात कर सकेगा तहव्वुर राणा, दिल्ली की अदालत ने दो शर्तों संग दी अनुमति; हिरासत भी बढ़ाई

दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार को 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को एक राहत देते हुए उसे अपने भाई से फोन पर बात करने की अनुमति दे दी। उसे यह अनुमति अपने लिए एक निजी वकील नियुक्त करने को लेकर दी गई है, इस दौरान वह अगस्त महीने में तीन बार अपने भाई से फोन पर बात कर सकेगा। हालांकि अदालत ने इसके लिए दो शर्तें भी रखीं।

अदालत सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को बंद कमरे में हुई सुनवाई के दौरान जज ने बात की अनुमति देते हुए दो शर्तें रखीं और कहा कि राणा के फोन कॉल रिकॉर्ड किए जाएंगे, साथ ही यह बातचीत जेल अधिकारियों की मौजूदगी में अंग्रेजी या हिंदी भाषा में होनी चाहिए। कार्यवाही के दौरान विशेष न्यायाधीश चंदर जीत सिंह ने वर्चुअल पेश हुए तहव्वुर राणा की न्यायिक हिरासत भी 8 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी।

बताया जा रहा है कि कानूनी सहायता वकील पीयूष सचदेवा ने आरोपपत्र और पूरक आरोपपत्र में कुछ दस्तावेजों की जांच के लिए अदालत से समय मांगा था। जिसके बाद न्यायिक हिरासत को बढ़ा दिया गया। राणा साल 2008 में 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के मुख्य साज़िशकर्ता और अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है।

भारत में प्रत्यर्पण के खिलाफ दायर पुनर्विचार याचिका के 4 अप्रैल को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में खारिज होने के बाद तहव्वुर राणा को भारत लाया गया था। बता दें कि 26 नवंबर, 2008 को, 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों के एक समूह ने समुद्री मार्ग से भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई में घुसकर एक रेलवे स्टेशन, दो आलीशान होटलों और एक यहूदी केंद्र पर हमला किया। लगभग 60 घंटे तक चले इस हमले में कुल 166 लोग मारे गए थे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।