Delhi couple dead bodies found in drain both were missing for six days दिल्ली में 6 दिन से लापता पति-पत्नी के शव नाले में पड़े मिले, घर में झगड़ा होने के बाद से थे गायब, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में 6 दिन से लापता पति-पत्नी के शव नाले में पड़े मिले, घर में झगड़ा होने के बाद से थे गायब

दिल्ली के बिंदापुर स्थित अपने घर से छह दिन से लापता अधेड़ उम्र के दंपती के शव शुक्रवार दोपहर नजफगढ़ स्थित ककरौला नाले में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पति-पत्नी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Sat, 24 Jan 2026 05:37 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में 6 दिन से लापता पति-पत्नी के शव नाले में पड़े मिले, घर में झगड़ा होने के बाद से थे गायब

दिल्ली के बिंदापुर स्थित अपने घर से छह दिन से लापता अधेड़ उम्र के दंपती के शव शुक्रवार दोपहर नजफगढ़ स्थित ककरौला नाले में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नजफगढ़ थाना पुलिस ने 58 वर्षीय मुन्ना लाल और 55 वर्षीय उनकी पत्नी रामवती देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

प्राथमिक जांच में पुलिस को शवों पर किसी तरह की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि मृतक मुन्ना लाल अपने परिवार के साथ बिंदापुर इलाके में रहते थे। वह और उनकी पत्नी मजदूरी करते थे। परिवार में बेटा रितेश और अन्य लोग भी हैं। रितेश ने 17 जनवरी को बिंदापुर थाने में अपने माता-पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि 23 जनवरी की दोपहर 12 बजे एक कैब चालक ने ककरौला नाले में शव देखकर पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद थाने से एसआई राज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खेर बाबा की मजार के पास से शवों को बाहर निकाला।

एक सप्ताह में दूसरी घटना : द्वारका जिले में एक सप्ताह के भीतर शव मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 19 जनवरी को छठ पार्क में एक युवक का शव मिला था।

फोन से हुई पहचान

शवों की जांच करने पर पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला। फोन में मौजूद नंबर पर संपर्क करने पर रितेश नाम के शख्स ने कॉल रिसीव किया। उसने बताया कि यह नंबर तो उसके पिता का है। रितेश ने बताया कि उसके माता-पिता 17 जनवरी को घर में झगड़ा होने के चलते गुस्से में चले गए थे, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दस दिन से लापता बच्चे का शव बरामद

वहीं, दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में शुक्रवार को दस दिन से लापता बच्चे का शव नहर किनारे कूड़े के बीच मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान जैतपुर खड्डा कॉलोनी निवासी राजू के बेटे अरमान के रूप में हुई है। राजू मूलत: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का रहने वाला है। वह ऑटो चलाता है। परिजनों का आरोप है पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।