Delhi cm rekha gupta condition for borewell connection दिल्ली में बोरवेल सिर्फ उन्हें मिलेगा जो...; CM रेखा गुप्ता की क्या शर्त, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में बोरवेल सिर्फ उन्हें मिलेगा जो...; CM रेखा गुप्ता की क्या शर्त

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि इनकी सरकार पानी की किल्लत दूर करने के लिए बोरवेल पॉलिसी लाने जा रही है। उन्होंने बताया कि वैध बोरवेल की अनुमति उन्हीं को दी जाएगी जो बारिश के पानी को बचाने की व्यवस्था करेंगे।

Fri, 1 May 2026 04:21 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में बोरवेल सिर्फ उन्हें मिलेगा जो...; CM रेखा गुप्ता की क्या शर्त

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि उनकी सरकार राजधानी में पानी की किल्लत को दूर करने के लिए बोरवेल पॉलिसी लाने पर विचार कर रही है। रेखा गुप्ता ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की ओर से आयोजित 'कैच द रेन' कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बोरवेल कनेक्शन के लिए एक शर्त भी रखी है।

रेखा गुप्ता ने कहा, 'दिल्ली सरकार गंभीरता से बोरवेल पॉलिसी पर विचार कर रही है। लेकिन सिर्फ उन घरों और आवासीय कॉलोनियां वैध बोरवेल के योग्य माना जाएगा जिनके पास उचित वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम होगा। हमें पानी की अहमियत समझनी होगी। भविष्य को देखते हुए हर किसी को पानी बचाने की आवश्यकता है।' इस मौके पर दिल्ली जल बोर्ड के आधिकारिक मैस्कॉट 'नीरा' का भी अनावरण किया गया।

हर घर, हर छत हिस्सा बने: CM

गुप्ता ने एक्स पर लिखा, 'वर्षा जल संचयन हमारी परंपरा की बुद्धिमत्ता है, जिसे आज की आवश्यकता बनाना होगा। सरकार द्वारा ₹50,000 तक की सब्सिडी, पानी के बिल में 10 से 15 प्रतिशत तक की छूट और निःशुल्क तकनीकी सहायता जैसे कदम इस दिशा को गति दे रहे हैं। अब लक्ष्य है कि हर घर, हर छत और हर संस्थान इस प्रयास का सक्रिय हिस्सा बने।' मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश की हर बूंद, भविष्य की सुरक्षा है। अगर हम उसे वहीं सहेज लें जहां वह गिरती है, तो दिल्ली की जल स्थिति में बड़ा परिवर्तन संभव है।

मंत्री प्रवेश वर्मा की चेतावनी

कार्यक्रम में मौजूद रहे जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि यह पहल रेन हार्वेस्टिंग सिस्टम का हिस्सा है। उन्होंने कहा, 'सरकारी संस्थानों में रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को गंभीरता से और समयबद्ध तरीके से लागू करना चाहिए।'मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं करने पर सख्त ऐक्शन लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरुआत में 10 फीसदी की कटौती लागू की जाएगी और लापरवाही जारी रही तो कनेक्शन काट दिया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।