delhi car blast dr omar and dr shaheen clashed over rs 20 lakh received through hawala दिल्ली ब्लास्ट: हवाला से मिले 20 लाख रुपयों को लेकर डॉ. उमर और डॉ. शाहीन में हुआ था टकराव, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली ब्लास्ट: हवाला से मिले 20 लाख रुपयों को लेकर डॉ. उमर और डॉ. शाहीन में हुआ था टकराव

खुफिया एजेंसियों ने लाल किला कार विस्फोट मामले में 3 डॉक्टरों डॉ. उमर, डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन से जुड़े 20 लाख रुपये के मनी ट्रेल का खुलासा किया है। सूत्रों की मानें तो इस रकम को लेकर डॉ. उमर और डॉ. शाहीन के बीच टकराव हो गया था।

Sun, 16 Nov 2025 11:50 PMKrishna Bihari Singh एएनआई, नई दिल्ली
share
दिल्ली ब्लास्ट: हवाला से मिले 20 लाख रुपयों को लेकर डॉ. उमर और डॉ. शाहीन में हुआ था टकराव

लाल किला कार विस्फोट मामले में खुफिया एजेंसियों ने 3 डॉक्टरों डॉ. उमर, डॉ. मुजम्मिल और डॉ. शाहीन से जुड़े 20 लाख रुपये के मनी ट्रेल का खुलासा किया है। सूत्रों की मानें तो यह रकम हवाला नेटवर्क के जरिए 'डॉक्टर्स टेरर माड्यूल' तक पहुंची थी। इस रकम को जैश-ए-मोहम्मद के संचालक की ओर से भेजे जाने का संदेह है। सूत्रों ने यह भी बताया कि इसी फंड को लेकर लाल किला धमाके को अंजाम देने वाले डॉ. उमर और टेरर माड्यूल की सदस्य डॉ. शाहीन के बीच विवाद हुआ था।

ऐसा माना जाता है कि 20 लाख रुपये में से लगभग 3 लाख रुपये 26 क्विंटल एनपीके उस उर्वरक को खरीदने पर खर्च किए गए थे जिसे विस्फोट में इस्तेमाल किया जा सकता है। अधिकारियों ने खुलासा किया कि 20 लाख रुपये की रकम के प्रबंधन को लेकर डॉ. उमर उन नबी और डॉ. शाहीन के बीच तनाव पैदा हो गया था। रकम के इस्तेमाल को लेकर दोनों की राय अलग-अलग थी।

सूत्रों ने बताया कि मॉड्यूल के तीसरे सदस्य डॉ. मुजम्मिल से मिले इनपुट ने टेरर फंडिंग नेटवर्क का पूरा लिंक जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि लाल किला के पास हुए धमाके वाले क्षेत्र से तीन कारतूस मिले हैं। ये नौ एमएम कैलिबर के हैं, जो आमतौर पर सुरक्षा बलों के पास होते हैं। हालांकि, पुलिस को वहां कोई पिस्टल या उसका कोई हिस्सा नहीं मिला, जिससे यह सवाल उठ रहा है कि ये कारतूस वहां कैसे पहुंचे?

दिल्ली पुलिस पहले ही डॉ. अदील अहमद राठेर, डॉ. मुजम्मिल शकील और डॉ. शाहीन सईद को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसियों का यह भी मानना है कि लगभग 8 संदिग्ध कथित तौर पर 4 स्थानों पर कोऑर्डिनेटेड धमाका करने की तैयारी कर रहे थे। हर जोड़ी को एक शहर सौंपा गया था। आतंकी जोड़ी बनाकर आईईडी लेकर हमला करने की योजना बना रहे थे। दिल्ली धमाके को डॉ. उमर उन नबी ने अंजाम दिया था। उसकी लाश से लिए सैंपल की डीएनए रीपोर्ट उसकी मां की DNA रिपोर्ट से मैच कर गई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।