दिल्ली में 'अटल कैंटीन' का तोहफा, अब मात्र 5 रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर दिल्ली में 100 अटल कैंटीन की शुरुआत हो रही है, जहाँ गरीबों और मजदूरों को दोपहर और रात का भोजन मात्र 5 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर राजधानी में अटल कैंटीन खोली जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शुक्रवार को लाजपत नगर के नेहरू नगर में अटल कैंटीन का उद्घाटन करेंगी। कैंटीन में केवल पांच रुपये में लोगों को भोजन मिल सकेगा।
दिल्ली सरकार में मंत्री अलग-अलग क्षेत्रों में कैंटीन का उद्घाटन करेंगे। हर अटल कैंटीन में दोपहर एवं रात को 500-500 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। दिल्ली सरकार पहले चरण में कुल 100 अटल कैंटीन खोलने जा रही है जिसके माध्यम से करीब एक लाख लोगों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध होगा।
बता दें कि दिल्ली की भाजपा सरकार ने राजधानी में अटल कैंटीन के माध्यम से गरीबों को सस्ते दाम में भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। इसके लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस चुना गया था और उनके नाम पर ही यह कैंटीन चलाई जाएगी। दिल्ली सरकार द्वारा पहले चरण में 100 अटल कैंटीन बनवाई जा रही हैं जिनमें से कुछ ग्रैप चार की पाबंदियों के चलते फिलहाल तैयार नहीं हो सकी हैं। अधिकतर कैंटीन तैयार हो चुकी हैं।
दिल्ली सरकार के अनुसार अटल कैंटीन में दोपहर एवं शाम के समय पांच-पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। खाने में दाल-चावल, रोटी-सब्जी, चावल-सब्जी आदि दिए जाएंगे। अधिकांश अटल कैंटीन झुग्गी-बस्तियों एवं औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास खोली जाएंगी जहां बड़ी संख्या में मजदूर एवं गरीब लोग रहते है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि सरकार का प्रयास है कि दिल्ली में एक भी शख्स भूखा न रहे। भविष्य में सरकार अटल कैंटीन की संख्या को आवश्यकता अनुसार बढ़ा भी सकती है। दिल्ली में खुलने वाली अटल कैंटीन में गुरुवार दोपहर पहली बार लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।




साइन इन