दिल्ली में 18 स्थानों पर एक्यूआई 400 के पार, कब से राहत के आसार?
दिल्ली में एकबार फिर पलूशन का स्तर गंभीर होने की ओर है। दिल्ली में रविवार को औसत AQI 390 दर्ज किया गया जबकि कई इलाकों में पलूशन का स्तर 400 के पार रिकॉर्ड किया गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली में एकबार फिर पलूशन का स्तर गंभीर होने की ओर है। दिल्ली में रविवार को औसत AQI 390 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में पलूशन का स्तर 400 के पार यानी 'गंभीर' श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों की मानें तो हवा की धीमी गति के कारण प्रदूषक कणों का बिखराव नहीं हो पा रहा है जिससे हवा मानकों से सवा तीन गुना अधिक जहरीली हो गई है। अगले तीन दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है।
ग्रेटर नोएडा में सबसे ज्यादा AQI
सीपीसीबी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा, नोएडा और गाजियाबाद में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा सबसे ज्यादा एक्यूआई दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा में एक्यूआई 434 दर्ज किया गया जो एक दिन पहले 395 था। नोएडा और गाजियाबाद में एक्यूआई 414 दर्ज किया गया। दिल्ली में एक्यूआई 390 रिकॉर्ड किया गया जो 'बहुत खराब' श्रेणी में और 'गंभीर' स्तर के बेहद करीब था।
मानकों से सवा तीन गुना ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली-एनसीआर की हवा में रविवार को दिन में तीन बजे पीएम 10 का औसत स्तर 335.6 और पीएम 2.5 का औसत स्तर 215.1 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से नीचे और पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है। इस आधार पर देखें तो दिल्ली के साथ ही एनसीआर की हवा में मानकों से सवा तीन गुना अधिक पलूशन मौजूद है।
अभी नहीं मिलेगी राहत
दिल्ली में अधिकांश समय हवा की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे से नीचे रह रही है। इस वजह से दिल्ली के लोगों को प्रदूषित हवा से राहत मिलने के आसार नहीं है। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के पूर्वानुमान बताते हैं कि दिल्ली में हवा की गुणवत्ता सोमवार से बुधवार तक 'बहुत खराब' श्रेणी में रह सकती है। गुरुवार से इसके 'बहुत खराब' और 'गंभीर' के बीच रहने का अनुमान है।
पहली जनवरी को हल्की बारिश दे सकती है राहत
दिल्ली में सोमवार सुबह बेहद घना कोहरा छाने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में मंगलवार को भी मध्यम से घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में पहली जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे पलूशन के कणों को छटने में आसानी होगी। इससे आने वाले दिनों में पलूशन से लोगों को राहत मिल सकती है।

दिल्ली में 18 जगहों पर AQI 400 पार
सीपीसीबी के मुताबिक, दिल्ली में रविवार को 18 जगहों पर एक्यूआई 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। आनंद विहार में एक्यूआई 447, शादीपुर में 447, विवेक विहार में 437, वजीरपुर में 436, रोहिणी में 433, जहांगीरपुरी में 432, अशोक विहार में 431, नेहरू नगर में 427, नरेला में 424 और चांदनी चौक में 417 रिकॉर्ड किया गया।




साइन इन