AAP नेता दीपक सिंगला गिरफ्तार, क्यों दिल्ली में छापेमारी के बाद उठा ले गई ED
आप नेता दीपक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। बैंक लोन फ्रॉड केस में सोमवार को ईडी ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। घंटों की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता दीपक सिंगला को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को दिल्ली और गोवा में कई ठिकानों पर घंटों छापेमारी के बाद ईडी की टीम ने आप नेता सिंगला को उठा लिया। कथित बैंक लोन फ्रॉड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में यह ऐक्शन लिया गया है। दिल्ली के अलावा गोवा में भी कई ठिकानों पर सुबह ईडी की टीम पहुंची थी।
सिंगला दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से आप के उम्मीदवार रहे हैं। 2024 में भी जांच के तहत ईडी ने उनके घर पर छापा मारा था। सिंगला गोवा में सह प्रभारी भी हैं। दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने सिंगला पर ऐक्शन को गोवा चुनाव से जोड़ा। उन्होंने कहा कि गोवा में आप की बढ़ती लोकप्रियता की वजह से सिंगला पर ईडी ने छापेमारी की है। उन्होंने कहा कि गोवा में भी आप कार्यकर्ताओं पर छापेमारी की गई है। उन्होंने कहा कि बंगाल की तरह गोवा में 'आप' का डेटा चोरी करने की कोशिश की जा रही है।
क्यों गिरफ्तार किए गए सिंगला, 9 दिन में दूसरा बड़ा ऐक्शन
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम ने सिंगला से घंटों पूछताछ की। इस दौरान वह कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो कई सवालों को टालते रहे। इसके बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले 9 मई को ईडी ने पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा को एक अलग मामले में गिरफ्तार किया था। 9 दिन के भीतर ‘आप’ के दो बड़े नेताओं की गिरफ्तारी से पार्टी केंद्र सरकार पर आक्रामक है और इसे चुनावी हथकंडा बता रही है।
जहां चुनाव, वहांं ईडी-सीबीआई की कार्रवाई: सौरभ भारद्वाज
सिंगला पर हुई छापेमारी को लेकर आम आदमी पार्टी ने कहा कि जहां चुनाव होते हैं वहां ईडी-सीबीआई विपक्ष के नेताओं को गिरफ्तार करती है। पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, ‘यह तो पूरे देश के सामने साफ होता जा रहा है। 2025 में दिल्ली में चुनाव थे तो 2022, 23, 24 में ईडी-सीबीआई की कार्रवाई दिल्ली के नेताओं पर हुई। मंत्रियों, सांसदों और मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। बंगाल के अंदर चुनाव थे तो वहां ईडी रोज पहुंच रही थी। ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के छापे मारे जा रहे थे। अब पंजाब और गोवा में चुनाव है तो वहां छापेमारी हो रही है। गोवा के सह प्रभारी दीपक सिंगला के गोवा और दिल्ली के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की गई। पूरा देश देख रहा है कि जहां चुनाव होते हैं, ईडी वहां के विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करती है।’




साइन इन