CM Saini inaugurates, lays foundation stones of projects worth Rs 113.64 crore in Gurugram गुरुग्राम को मिली 114 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, इन प्रोजेक्ट्स का हुआ उद्घाटन व शिलान्यास, Ncr Hindi News - Hindustan
More

गुरुग्राम को मिली 114 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, इन प्रोजेक्ट्स का हुआ उद्घाटन व शिलान्यास

सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य में 'डबल इंजन' सरकार के कारण हरियाणा तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्रवाद और जातिवाद की राजनीति को पीछे छोड़कर 'हरियाणा एक, हरियाणवी एक' के मंत्र पर समर्पण के साथ काम कर रही है।

Wed, 31 Dec 2025 12:25 AMSourabh Jain पीटीआई, गुरुग्राम, हरियाणा
share
गुरुग्राम को मिली 114 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात, इन प्रोजेक्ट्स का हुआ उद्घाटन व शिलान्यास

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम पहुंचे, और यहां उन्होंने शहरवासियों को नववर्ष की एक बड़ी सौगात देते हुए 113.64 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके मौके पर उन्होंने कहा कि गुरुग्राम आज ना केवल हरियाणा का गौरव बन गया है, बल्कि पूरे देश की आर्थिक प्रगति का इंजन भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित, समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित करना है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुरुग्राम को देश के सबसे विकसित शहरों में शामिल किया जाएगा। सैनी ने यह बातें गुरुग्राम में आयोजित 'विकसित गुरुग्राम' महारैली को संबोधित करते हुए कहीं।

इस मौके पर सीएम सैनी ने गुरुग्राम में छह विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सदर बाजार में 55.2 करोड़ रुपए की लागत से बनी मल्टी लेवल कार पार्किंग और सेक्टर 14 में 17.76 करोड़ रुपए की लागत से बने सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा उन्होंने सेक्टर-16 में 8.32 करोड़ रुपए की लागत से बनी RMC मॉडल सड़क और नाले का शिलान्यास किया, और सेक्टर-17A में 6.28 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज और पेयजल पाइपलाइन का भी शिलान्यास किया।

साथ ही उन्होंने सेक्टर 16 में ही 6.67 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले हॉस्टर के निर्माण कार्य व नई सब्जी मंडी में 19.41 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले विशेष मरम्मत के कार्य का भी शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सैनी ने दावा किया कि सरकार ने एक साल के अंदर चुनावी घोषणापत्र में किए गए 217 वादों में से 54 पूरे कर दिए हैं और शेष पर कार्य प्रगति पर है।

यहां हुई 'विकसित गुरुग्राम' रैली के दौरान, सैनी ने घोषणा की कि गुरुग्राम पुलिस लाइंस के पास गौशाला मैदान में लगभग 4.90 करोड़ रुपए की लागत से एक नई स्कूल बिल्डिंग बनाई जाएगी और नेहरू स्टेडियम में एक नया आधुनिक स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में 30 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जाएंगे और वजीराबाद के PHC को अपग्रेड करके 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 11 सालों में गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र में 1,909 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े 11 सालों में इस क्षेत्र के लिए की गई 67 घोषणाओं में से 39 पूरी हो चुकी हैं और 11 पर काम चल रहा है।

सैनी ने कहा कि सरकार विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। प्रदूषण एक बड़ी चुनौती है और उनकी सरकार इसे नियंत्रित करने के लिए इलेक्ट्रिक बसों और आधुनिक कचरा प्रबंधन तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। इसके अलावा सैनी ने गुरुग्राम, सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्रों के विकास के लिए 5-5 करोड़ रुपए की अतिरिक्त राशि की घोषणा करते हुए भरोसा दिलाया कि गुरुग्राम को देश के सबसे विकसित शहरों में शामिल किया जाएगा।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।