दिल्ली के लोगों का सफर होगा आसान, सीएम गुप्ता ने बताया शहर को कब मिलेगी 500 ई-बसों की सौगात
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, मटियाला में दिल्ली की शहरी चमक और गांव-देहात की पारंपरिक संस्कृति एक साथ सांस लेती है। इसलिए इसके संपूर्ण विकास के लिए हर मोर्चे पर काम किया जाएगा। बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा, सड़कें बनेंगी, पेयजल व्यवस्था पर काम होगा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।'

राष्ट्रीय राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा लोगों के सफर को और सुगम बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। इसी सिलसिले में शनिवार को एक बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि रविवार से राजधानी की सड़कों पर 500 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारी जाएंगी। इस बारे में उन्होंने पश्चिमी दिल्ली जिले के मटियाला विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शिलान्यास करने के दौरान ऐलान किया।
मटियाला विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश का ऐसा शहर बन चुका है जहां सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि रविवार को 500 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाने के बाद राजधानी में ई-बसों की कुल संख्या बढ़कर 4,000 हो जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य आने वाले दो वर्षों में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या को बढ़ाकर 11,000 तक पहुंचाने का है, ताकि शहर के हर कोने तक ई-बसों की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
'मटियाला को हमारी सरकार ने दिया सबसे ज्यादा फंड'
मुख्यमंत्री ने कहा कि मटियाला दिल्ली का एक ग्रामीण और सबसे बड़ा विधानसभा क्षत्रों में से एक है और यहां के विकास के लिए उनकी सरकार ने सबसे ज्यादा फंड आवंटित किया है। इस दौरान उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास से जुड़ी 1,700 करोड़ रुपए की परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है। साथ ही कहा कि जब तक ग्रामीण इलाकों, अनधिकृत कॉलोनियों और झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों का विकास नहीं होगा, तब तक ‘विकसित दिल्ली’ का सपना साकार नहीं हो सकता।
सांसद और विधायक की जमकर तारीफ की
इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने आम आदमी पार्टी की पिछली दिल्ली सरकार पर ग्रामीण विकास बोर्ड को लगभग पंगु बनाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि वर्तमान सरकार ने इसे फिर से सक्रिय कर दिया है। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत और मटियाला विधायक संदीप सहरावत की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी कोशिशों से ही क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के पहले ही वर्ष में दिल्ली की कई पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
'शहरी चमक व पारंपरिक संस्कृति लेती है एक साथ सांस'
इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'मटियाला विधानसभा आज विकसित दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक नई शुरुआत का साक्षी बना है। यहां 400 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। मटियाला में दिल्ली की शहरी चमक और गांव-देहात की पारंपरिक संस्कृति एक साथ सांस लेती है। इसलिए इसके सर्वांगीण विकास के लिए हर मोर्चे पर काम किया जाएगा। बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा, सड़कें बनेंगी, पेयजल व्यवस्था पर काम होगा और स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।'
आगे उन्होंने लिखा, 'पिछले एक वर्ष में मटियाला ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अटल कैंटीन जैसी अनेक जनसुविधाओं के तेज विस्तार को देखा है। अब इस बजट के माध्यम से हमारी सरकार इस क्षेत्र के व्यापक कायाकल्प की दिशा में आगे बढ़ रही है।'




साइन इन