chilla elevated road construction update noida authority imposed rs 10 crore fine on construction agency चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण में लगाई घटिया स्टील, निर्माण एजेंसी पर 10 करोड़ रुपये जुर्माना, Ncr Hindi News - Hindustan
More

चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण में लगाई घटिया स्टील, निर्माण एजेंसी पर 10 करोड़ रुपये जुर्माना

नोएडा में फिल्म सिटी रोड का जाम खत्म करने को बनाए जा रहे चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण में कुछ महीने पहले निर्माण एजेंसी ने घटिया गुणवत्ता की स्टील का इस्तेमाल किया। नोएडा प्राधिकरण ने स्टील नहीं बदलने पर अब एजेंसी पर 10 करोड़ रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है।  

Mon, 8 Dec 2025 08:16 AMPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा
share
चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण में लगाई घटिया स्टील, निर्माण एजेंसी पर 10 करोड़ रुपये जुर्माना

नोएडा में फिल्म सिटी रोड का जाम खत्म करने के लिए बनाए जा रहे चिल्ला एलिवेटेड रोड के निर्माण में कुछ महीने पहले निर्माण एजेंसी ने घटिया गुणवत्ता की स्टील का इस्तेमाल किया। नोएडा प्राधिकरण ने स्टील नहीं बदलने पर अब एजेंसी पर 10 करोड़ रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया है। परियोजना का अब तक 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।

प्राधिकरण ने बतौर 10 करोड़ रुपये लगाई जाने वाली धनराशि परियोजना के भुगतान में रोक ली है। इसके अलावा अब निर्माण में लगने वाली स्टील तय कंपनियों की ही लगाई जाएंगी। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि यह स्पष्ट कर दिया गया है कि मानकों के अनुरूप चिह्नित कंपनियों के अलावा किसी दूसरी कंपनी की स्टील एलिवेटेड रोड के निर्माण में नहीं लगाने दी जाएगी।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्यों में तीन स्टील की कंपनियों का चयन कर रखा है। इन कंपनियों में सेल, जिंदल समेत एक अन्य कंपनी है। पूर्व में सेतु निगम ने इन कंपनियों से अलग एक छोटी और कम प्रचारित कंपनी की स्टील को एलिवेटेड रोड के लिए बनाए जा रहे पिलर में इस्तेमाल कर लिया। इसको लेकर प्राधिकरण का पक्ष है कि यह स्टील स्वीकृत मानकों से निम्न है। इसे निरीक्षण के दौरान पकड़ा गया था। इसके बाद सात बार पत्र भेजकर जवाब मांगा गया। आखिर में 10 करोड़ रुपये बतौर जुर्माना कटौती का निर्णय लिया गया है। स्टील का परीक्षण भी करवाया गया है। अब लगाई जा रही स्टील मानक कंपनियों की ही मंगवाई जा रही है। नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम विजय रावल ने बताया कि मानक और गुणवत्ता निगरानी पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चिल्ला एलिवेटेड रोड दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर को जोड़ते हुए नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक बनाया जा रहा है। यह एलिवेटेड रोड 5.96 किलोमीटर लंबा बनाया जा रहा है। एलिवेटेड रोड बनाने में करीब 900 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। छह लेन का यह एलिवेटेड रोड 296 पिलर पर बनाया जाना प्रस्तावित है। यह एलिवेटेड वर्ष 2027 में बनकर तैयार होने की उम्मीद है।

परियोजना का 30 प्रतिशत काम पूरा

नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अब तक एलिवेटेड रोड का 30 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। एलिवेटेड रोड के लिए अलग-अलग हिस्सों में पाइलिंग का काम किया जा रहा है। पाइलिंग का काम पूरा होने के बाद स्ट्रक्चर बनाने का काम किया जाएगा। इस एलिवेटेड रोड के काम के लिए सिर्फ लूप बनाए जाने प्रस्तावित हैं, वहीं यातायात प्रभावित होगा। बाकी जगह यातायात से संबंधित कोई समस्या नहीं होने के कारण काम तेजी से होगा। दिल्ली से आकर डीएनडी, सेक्टर-18 की ओर उतरने के लिए लूप बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

इस साल मार्च में काम शुरू हुआ

नोएडा प्राधिकरण, सेतु निगम व शासन के बीच लागत विवाद होने के कारण करीब साढ़े तीन साल तक इसका काम बंद पड़ा रहा था। नवंबर 2021 से इसका काम बंद हुआ था। इसके बाद इस साल मार्च महीने में इसका काम शुरू हआ था।

फिल्म सिटी मार्ग का दबाव कम होगा

अधिकारियों ने बताया कि चिल्ला एलिवेटेड रोड के बनने से सेक्टर-16ए फिल्म सिटी व सेक्टर-95 दलित प्रेरणा स्थल के सामने रोजाना लगने वाले जाम की समस्या खत्म हो जाएगी। दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर से आकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर आने वाले वाहन इसी एलिवेटेड रोड से बिना जाम में फंसे लोग आ सकेंगे।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।