दिल्ली में इन दो स्टेशन से चार लाइन की मेट्रो मिलेगी, पहली बार होगा ऐसा
फेज पांच बी की मेट्रो परियोजनाएं पूरी होने पर ये दोनों स्टेशन चार मेट्रो कॉरिडोर के साथ इंटरचेंज स्टेशन बन जाएंगे। दिल्ली में यह पहला मौका होगा जब मेट्रो के किसी स्टेशन पर चार मेट्रो लाइन के लिए ट्रेन बदलने की सुविधा होगी।

केंद्रीय सचिवालय और लाजपत नगर, दिल्ली मेट्रो के बड़े ट्रांजिट प्वॉइंट के रूप में बनकर उभरेंगे। यहां आने वाले समय में एक, दो और तीन नहीं बल्कि चार कॉरिडोर के लिए मेट्रो ट्रेन बदलने की सुविधा मिलेगी। फेज पांच बी की मेट्रो परियोजनाएं पूरी होने पर ये दोनों स्टेशन चार मेट्रो कॉरिडोर के साथ इंटरचेंज स्टेशन बन जाएंगे। दिल्ली में यह पहला मौका होगा जब मेट्रो के किसी स्टेशन पर चार मेट्रो लाइन के लिए ट्रेन बदलने की सुविधा होगी। इससे यात्रियों का आवागमन आसान होगा। मौजूदा समय में एनसीआर में मेट्रो का नेटवर्क 416.448 किलोमीटर है और 303 मेट्रो स्टेशन हैं।
इसमें से अकेले दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 374.446 किलोमीटर है और 271 मेट्रो स्टेशन हैं। इनमें से अभी सिर्फ कश्मीरी गेट तीन मेट्रो लाइन के साथ इंटरचेंज स्टेशन है और मौजूदा समय में दिल्ली मेट्रो का सबसे बड़ा ट्रांजिट प्वॉइंट है। यहां येलो, रेड व वायलेट लाइन, इन तीन कॉरिडोर के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध है।
फेज चार में अभी 88.375 किलोमीटर का मेट्रो कॉरिडोर निर्माणाधीन है। इसके अलावा फेज पांच ए में 16.076 किलोमीटर के तीन कॉरिडोर बनाए जाने हैं। ये परियोजनाएं वर्ष 2029 तक पूरी होंगी। इससे आजादपुर, नई दिल्ली, इंद्रलोक, केंद्रीय सचिवालय व लाजपत नगर ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन बन जाएंगे। इससे कश्मीरी गेट की तरह तीन कॉरिडोर के साथ इंटरचेंज सुविधा वाले स्टेशनों की संख्या बढ़कर छह हो जाएगी। लेकिन फेज पांच ए की परियोजनाएं पूरी होने तक चार कारिडोर के साथ एक भी इंटरचेंज स्टेशन नहीं होंगे।
लाजपत नगर फेज चार में बनेगा ट्रिपल इंटरचेंज
वर्तमान समय में केंद्रीय सचिवालय में येलो लाइन (समयपुर बादली-मिलेनियम सिटी गुरुग्राम) व वायलेट लाइन (कश्मीरी गेट-बल्लभगढ़) के साथ और लाजपत नगर वायलेट लाइन व पिंक लाइन (शिव विहार-मजलिस पार्क सर्कुलर लाइन) के साथ इंटरचेंज स्टेशन है। फेज चार में साकेत जी ब्लॉक-लाजपत नगर (गोल्डन लाइन एक्सटेंशन) के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस कॉरिडोर पर लाजपत नगर में नया स्टेशन बनेगा। इसलिए लाजपत नगर वायलेट व पिंक लाइन के साथ-साथ गोल्डन लाइन एक्सटेंशन के साथ भी इंटरचेंज स्टेशन हो जाएगा। वहीं फेज पांच ए में आरके आश्रम-इंद्रप्रस्थ कारिडोर (मजेंटा लाइन एक्सटेंशन) कॉरिडोर बनने के बाद केंद्रीय सचिवालय में येलो व वायलेट लाइन के साथ-साथ मजेंटा लाइन के साथ तीन लाइन का इंटरचेंज स्टेशन हो जाएगा।
फेज पांच बी के कॉरिडोर के साथ मिलेगी सुविधा
हाल ही में दिल्ली सरकार ने फेज पांच बी में सात कॉरिडोर बनाने की घोषणा की है। इसमें 15.969 किलोमीटर का केंद्रीय सचिवालय-किशनगढ़ कॉरिडोर शामिल है। इस कॉरिडोर पर भी केंद्रीय सचिवालय स्टेशन होगा। ऐसे में केंद्रीय सचिवालय येलो, वायलेट, मजेंटा के अलावा फेज पांच बी के कॉरिडोर साथ भी इंटरचेंज स्टेशन हो सकता है। इसी तरह फेज पांच बी के 16.991 किलोमीटर लंबे जोर बाग-मीठापुर कॉरिडोर पर लाजपत नगर में भी मेट्रो स्टेशन होगा। ऐसे में लाजपत नगर वायलेट, पिंक लाइन, गोल्डन लाइन एक्सटेंशन के अलावा फेज पांच के नए कॉरिडोर के साथ इंटरचेंज स्टेशन होगा। इससे यात्रियों को फायदा मिलेगा।




साइन इन