Car theft cases increased by 52% in Delhi, 2529 vehicles have been stolen so far this year दिल्ली में कार चोरी के मामले 52% बढ़े, इस साल अब तक 2529 गाड़ियां हुईं चोरी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में कार चोरी के मामले 52% बढ़े, इस साल अब तक 2529 गाड़ियां हुईं चोरी

ज़ोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क (ज़िपनेट) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान कारों के अलावा 105 जीप और 58 छोटे ट्रक, लॉरी या कई तरह के कामों में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन चोरी हुए हैं।

Fri, 25 July 2025 08:54 PMRatan Gupta एएनआई, नई दिल्ली
share
दिल्ली में कार चोरी के मामले 52% बढ़े, इस साल अब तक 2529 गाड़ियां हुईं चोरी

देश की राजधानी दिल्ली में इस साल कार चोरी की घटनाओं में 52 फीसदी का इजाफा हुआ है। आंकड़ों पर गौर करें तो पता चलता है कि पिछले साल इसी अवधि में 1662 मामले दर्ज किए गए थे, जो 1 जनवरी से 24 जुलाई के बीच बढ़कर 2529 हो गए। ज़ोनल इंटीग्रेटेड पुलिस नेटवर्क (ज़िपनेट) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान कारों के अलावा 105 जीप और 58 छोटे ट्रक, लॉरी या कई तरह के कामों में इस्तेमाल किए जाने वाले वाहन चोरी हुए हैं।

चोरी हुए वाहनों में दो एम्बुलेंस भी शामिल थीं। जानकारी में सामने आया है कि तिमारपुर और सीमापुरी इलाकों से दो बसें भी चोरी हुईं हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से सात साइकिलें भी गायब होने की सूचना मिली है। चोरी की ये घटनाएं रिहायशी इलाकों और पब्लिक प्लेस से हुई हैं। इनमें पेट्रोल पंप, स्कूल, बाज़ार और पार्क के आसपास के इलाके शामिल हैं।

रोहिणी के सेक्टर 3, 7 और 24 के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पश्चिम विहार और अशोक विहार से भी कई घटनाएँ सामने आईं। आँकड़ों बताते हैं कि दक्षिणी दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी और ग्रेटर कैलाश के साथ-साथ प्रीत विहार, मालवीय नगर और जनकपुरी में भी कई चोरियाँ हुईं।

फिलहाल शहर भर के पुलिस थानों और ज़ब्त यार्डों में 40270 से ज़्यादा लावारिस या ज़ब्त वाहन समाधान का इंतजार कर रहे हैं। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि ज़्यादा चोरी वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि चोर अक्सर वाहन मालिकों की पार्किंग की आदतों पर नजर रखते हैं। कुछ मामलों में, कारों को मेट्रो के खंभों या एटीएम के पास कई घंटों तक लावारिस छोड़ दिया जाता है।

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) द्वारा विकसित ज़िपनेट एक केंद्रीकृत डेटाबेस है। इसका उपयोग पुलिस विभागों द्वारा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चोरी हुए वाहनों, लापता व्यक्तियों और अज्ञात शवों का पता लगाने के लिए किया जाता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।