सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकराई कार, MP के यूट्यूबर की हरियाणा में मौत; दो अन्य दोस्त घायल
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भेज दिया गया।

हरियाणा से गुजरने वाले दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को हुए एक दुखद सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के एक यू-ट्यूबर की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में उसके दो दोस्त बुरी तरह जख्मी हो गए। यह हादसा नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में गांव कोलगांव के पास चैनल नंबर 78 पर हुआ। हादसे में जख्मी नवनीत और भूमिका को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही को बताया जा रहा है।
वीडियो बनाने के लिए जा रहे थे लद्दाख
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अंकित गायकवाड के रूप में हुई है, जो कि मध्य प्रदेश के बैतूल जिले का रहने वाला था और एक यूट्यूबर के रूप में काम करता था। सोशल मीडिया पर बेहद सक्रिय रहने वाला अंकित, शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ घूमने व यूट्यूब वीडियो बनाने के लिए भोपाल से लद्दाख जा रहा था। इसी दौरान जब उनकी गाड़ी दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेस-वे पर गांव कोलगांव के पास पहुंची, तो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर से जा टकराई।
कार का अगला हिस्सा हुआ बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में अंकित गायकवाड की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य दोस्त घायल हो गए। घायलों में से एक युवती की पहचान 35 वर्षीय भूमिका के रूप में हुई है, जो कि भोपाल की रहने वाली है। वहीं दूसरे घायल शख्स का नाम नवदीप है।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक अंकित गायकवाड के शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आगे मामले में जांच की बात कही है।
दूसरे हादसे में ढाई साल की बच्ची की मौत
उधर दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को ही हुए एक अन्य हादसे में नूंह के जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र में स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गई। इस हादसे में ढाई साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। गाड़ी में सवार यह परिवार दिल्ली का रहने वाला था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, रोड सुरक्षा एजेंसी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को इलाज के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
रिपोर्ट: मोनी देवी




साइन इन