bjp sankalp patra delhi second part many promises दिल्ली में भाजपा ने खोला वादों का पिटारा, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा; और क्या-क्या देगी, Ncr Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली में भाजपा ने खोला वादों का पिटारा, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा; और क्या-क्या देगी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा जारी कर दिया है। इसमें युवा मतदाताओं को ध्यान में रखकर कई बड़े ऐलान किए गए हैं।

Tue, 21 Jan 2025 12:32 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
दिल्ली में भाजपा ने खोला वादों का पिटारा, केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा; और क्या-क्या देगी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संकल्प पत्र का दूसरा हिस्सा जारी कर दिया है। इसमें युवा और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को ध्यान में रखकर कई बड़े ऐलान किए गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग ठाकुर ने संकल्प पत्र का अनावरण करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो जरूरतमंद लोगों के लिए केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने ऑटो-टैक्सी ड्राइवर्स और घरों में सहायक के तौर पर काम करने वाले लोगों को बीमा देने की बात कही है।

केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा
अनुराग ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी तो सभी सरकारी संस्थानों में जरूरतमंद छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दी जाएगी।

प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 15 हजार मदद
अनुराग ठाकुर ने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 15000 की वित्तीय सहायता और 2 बार के यात्रा और आवेदन के लिए शुल्क प्रतिपूर्ति की जाएगी।

अनुसूचित जाति के छात्रों को दी जाएगी मदद
अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपदा सरकार ने 5 साल में केवल 5 एससी छात्रों को छात्रवृत्ति दी, जबकि मोदी सरकार ने 34.5 लाख अनुसूचित छात्रों को मदद दी है।भाजपा ने कहा है कि तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को डॉ. बी आर अंबेडकर स्टाइपेंड योजना के तहत 1 हजार रुपए प्रति माह का स्टाइपेंड दिया जाएगा।

ऑटो टैक्सी डाइवर्स के लिए बड़ा वादा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि आपदा सरकार ने ऑटो वालों के लिए एक भी योजना का ऐलान नहीं किया, उनके लिए बोर्ड का ऐलान नहीं किया। ऑटो टैक्सी ड्राइवर्स के लिए ऑटो टैक्सी वेलफेयर बोर्ड बनाएंगे। इसके गठन के बाद 10 लाख रुपए तक का जीवन बीमा और 5 लाख रुपए दुर्घटना बीमा देंगे। ऑटो ड्राइवर्स के बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कॉलरशिप दी जाएगी।

घरेलू सहायकों के लिए बोर्ड, 15 लाख तक का बीमा
ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार घरेलू सहायक वेलफेयर बोर्ड की स्थापना करेगी। माली, सफाईकर्मी या खाना बनाने वाले ऐसे लोगों को 10 लाख रुपए का जीवन बीमा दिया जाएगा, जो लोगों के घरों में काम करते हैं। इन्हें 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा दिया जाएगा। इनके बच्चों को छात्रवृत्ति दी जाएगी।

रेहड़ी-पटरी वालों को लोन
भाजपा सांसद ने कहा कि दिल्ली में 4 लाख रेहड़ी पटरी वालों को बिना कुछ गिरवी रखे लोन दिया जाएगा।

आप के घोटलों पर SIT बनेगी: भाजपा

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद आम आदमी पार्टी के घोटालों की एसआईटी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले 10 सालों में दलालों को खत्म कर दिया है और डीबीटी के जरिए कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। दिल्ली में आपदा के कारण कोविड महामारी के दौरान जहां ऑक्सीजन नहीं मिल पाती थी, अस्पतालों में बेड नहीं मिल पाते थे उस दौरान इन्होंने सैकड़ों करोड़ शराब कारोबारियों के माफ कर दिए। 2026 करोड़ रुपए का घोटाला किया। सीएजी रिपोर्ट को विधानसभा में पेश नहीं किया। दिल्ली जल बोर्ड के घाटे पर क्यों नहीं चर्चा करवाई, मोहल्ला क्लीनिक के फर्जी जांच और शीशमहल घोटाले पर चर्चा क्यों नहीं हुई। भाजपा की सरकार बनी तो आम आदमी पार्टी के घोटालों पर एसआईटी की जांच बिठाएगी। भाजपा की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है।

संकल्प पत्र के पहले हिस्से में भी कई बड़े वादे

इससे पहले भाजपा ने महिलाओं को साधने के लिए कई वादे किए थे। भाजपा ने कहा है कि यदि उसकी सरकार बनी तो दिल्ली में हर महिला को मासिक 2500 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। गरीब महिलाओं को 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा किया गया है। पेंशन में इजाफे का वादा भी किया गया है। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ी के पास अटल कैंटीन खोले जाएंगे जिसमें 5 रुपए में भरपेट भोजन की व्यवस्था होगी। पहली कैबिनेट बैठक से ही दिल्ली में केंद्र सरकार की अयुष्मान योजना को लागू करने की बात कही गई है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।