जिन लोगों ने आधी आबादी का हक छीना...; पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों पर BJP सांसद मनोज तिवारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल के हर एक नागरिक का धन्यवाद करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भी सलाम किया। कहा कि जिन लोगों ने आधी आबादी का हक छीना, उन्हें जनता ने सबक सिखा दिया।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल के हर एक नागरिक का धन्यवाद करना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को भी सलाम किया। तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी राष्ट्रवाद की भावना और 'सबका साथ, सबका विकास' के सिद्धांत के जरिए लोगों का भरोसा जीता है।
किसी को भी डरने की जरूरत नहीं
सांसद तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के शासन में किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। चाहे वे हिंदू हों, मुसलमान हों, सिख हों, ईसाई हों, बौद्ध हों, जैन हों, पारसी हों या दुखिया हों। गरीबों की हालत लगातार बेहतर हो रही है। कई लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ रहे हैं। 30 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं।
लोगों ने सबक सिखा दिया
बीजेपी सांसद ने कहा कि महिलाओं को लगातार सशक्त बनाया जा रहा है। उन्हें 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की पहल नरेंद्र मोदी ने की है। उम्मीद है कि इस साल संसद के दूसरे सत्र में यह काम पूरा हो जाएगा। जिन-जिन लोगों ने आधी आबादी को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का विरोध किया, उसको आधी आबादी के साथ-साथ पश्चिम बंगाल के लोगों ने, तमिलनाडु के लोगों ने, असम के लोगों ने, पुडुचेरी के लोगों ने सबक सिखा दिया।
केरल के लोगों का भी धन्यवाद
मनोज तिवारी ने केरल के लोगों का भी धन्यवाद किया। कहा कि वहां भी भाजपा का वोट प्रतिशत बहुत बढ़ा है। इस मौके पर तिवारी ने बंगाल चुनाव के लिए गाया गया अपना गीत भी सुनाया। बता दें कि पश्चिम बंगाल में भाजपा बंपर जीत की ओर बढ़ रही है। 2 बजे तक हुई वोटों की गिनती में भाजपा 193 और टीएमसी 94 सीटों पर आगे चल रही थी।




साइन इन