BJP appoints Union MoS Harsh Malhotra as BJP Delhi President हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली भाजपा के नए कप्तान, वीरेंद्र सचदेवा को भी मिल सकता है एक इनाम, Ncr Hindi News - Hindustan
More

हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली भाजपा के नए कप्तान, वीरेंद्र सचदेवा को भी मिल सकता है एक इनाम

Delhi BJP President: हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली में भाजपा का नया कप्तान बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हर्ष मल्होत्रा को तत्काल प्रभाव से अध्यक्ष नियुक्त किया है। मल्होत्रा से पहले वीरेंद्र सचदेवा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष थे।

Thu, 28 May 2026 12:01 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। गौरव त्यागी
share
हर्ष मल्होत्रा बने दिल्ली भाजपा के नए कप्तान, वीरेंद्र सचदेवा को भी मिल सकता है एक इनाम

केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। संगठन और सरकार का अनुभव रखने वाले हर्ष के नाम पर स्थानीय नेताओं के साथ साथ केंद्रीय नेताओं में भी सहमति बनी और उनकी घोषणा कर दी गई। लंबे इंतजार के बाद भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई। केंद्रीय भूतल परिवहन राज्य मंत्री हर्ष महल्होत्रा को नया अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी घोषणा पर भाजपा नेताओं ने खुशी जताई है। जिला कमेटियों के गठन के बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा का इंतजार चल रहा था।

निर्विवादित नाम पर बनी सहमति

दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद नया अध्यक्ष बनाते हुए केंद्रीय नेताओं ने निर्विवादित छवि को ध्यान में रखा। आलाकमान नहीं चाहता था कि दिल्ली में सरकार और संगठन के बीच कोई टकराव दिखाई दे। इस मामले में हर्ष मल्होत्रा के पक्ष में बाजी चली गई। हर्ष के साथ राजीव बब्बर और जेपी का नाम भी दौड़ में शामिल था, लेकिन संगठन और सरकार दोनों का अनुभव होने के चलते हर्ष पर दांव लगाया गया। संगठन चुनावों के बाद भी सबसे ज्याद स्थानीय नेता हर्ष मल्होत्रा के पक्ष में थे। केंद्रीय राज्य मंत्री होने के चलते उनके नाम पर भाजपा आलाकमान को ही फैसला लेना था।

निगम चुनाव में होगी परीक्षा

हर्ष मल्होत्रा निगम पार्षद और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के महापौर रह चुके हैं। अगले वर्ष दिल्ली में नगर निगम के चुनाव प्रस्तावित हैं। उनकी बड़ी परीक्षा दिल्ली निगम चुनावों में होगी। प्रदेश में सरकार के बाद निगम चुनाव जीतना भाजपा के लिए बड़ी चुनौती होगी। ऐसे में महापौर होने का अनुभव हर्ष मल्होत्रा के काम आ सकता है।

केंद्रीय टीम में जा सकते हैं सचदेवा

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा केंद्रीय टीम में जा सकते हैं। सचदेवा के कार्यकाल में भाजपा ने लोकसभा की सभी सीटों पर जीत हासिल की। करीब 27 वर्ष बाद दिल्ली की सत्ता में भाजपा ने वापसी की है। निगम में भी भाजपा ने अब अपनी सरकार बना ली है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सचदेवा को भी इसका इनाम मिल सकता है। उन्हें भाजपा की केंद्रीय टीम में मौका मिल सकता है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।