arvind kejriwal attacks pm modi after indian killed in us attack पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को कहा ‘थैंक यू’ तो अरविंद केजरीवाल तमतमा गए, Ncr Hindi News - Hindustan
More

पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को कहा ‘थैंक यू’ तो अरविंद केजरीवाल तमतमा गए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए उनकी तारीफ की, जवाब में मोदी ने उन्हें थैंक यू कहा और इस बीच आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल भड़क उठे। अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत को लेकर जोरदार हमला किया।

Thu, 11 June 2026 07:21 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को कहा ‘थैंक यू’ तो अरविंद केजरीवाल तमतमा गए

आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तमतमा गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को सबसे लंबे समय तक भारत के प्रधानमंत्री बने रहने पर बधाई देते हुए तारीफ की। जवाब में पीएम मोदी ने उन्हें शुक्रिया कहा तो अरविंद केजरीवाल ने अमेरिकी हमले में भारतीयों की मौत का मुद्दा उठाते हुए जोरदार हमला किया।

अरविंद केजरीवाल ने ट्रंप और मोदी के बीच सोशल मीडिया पर हुई बातचीत को शेयर करते हुए प्रधानमंत्री को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, 'पीएम मोदी ट्रंप को 'थैंक यू' कह रहे हैं। थैंक यू असल में किस बात के लिए? भारतीयों की मौजूदगी वाले जहाज पर हमले और भारतीय नागरिकों की हत्या के लिए? अब हमारे देश के लिए स्थिति बेहद शर्मनाक हो गई है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अक्सर तीखी टिप्पणियां करने वाले अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, 'मोदी जी ने भारतीय संप्रभुता, गौरव और नागरिकों की जिदंगी को ट्रंप के सामने समर्पित कर दिया है। भारत को एक मजबूत प्रधानमंत्री की आवश्यकता है। ट्रंप को हमारे देश और हमारे लोगों के साथ अपनी मर्जी से कुछ भी करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।'

किस घटना की वजह से भड़के केजरीवाल

दरअसल, ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक पोत पर अमेरिकी हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई। पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलो पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था और इस तरह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था।

ट्रंप और पीएम मोदी में क्या बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के मामले में पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इसको लेकर ट्रंप ने पीएम मोदी को बधाई दी और उन्हें अपना 'मित्र' और एक 'महान' प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि उनके सामने 'महानता और सफलता के कई वर्ष अभी बाकी हैं।' ट्रंप ने कहा, 'मेरे मित्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बनने पर बधाई। वह महान हैं। वह मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान हैं। उनकी सफलता और महानता के कई वर्ष हैं।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्रंप को धन्यवाद कहते हुए भारत-अमेरिका के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की बात कही।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।