दिल्ली में यात्रियों को भीषण गर्मी से बचाने DTC की नई पहल, लोगों को राहत पहुंचाने तैनात किए 'जलदूत'
परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को, विशेष रूप से उन दैनिक यात्रियों को तत्काल राहत प्रदान करना है, जो भीषण गर्मी की स्थितियों के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील होते हैं।'

राष्ट्रीय राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच दिल्ली परिवहन निगम ने यात्रियों को इसके दुष्प्रभाव से बचाने व उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए कुछ विशेष उपाय किए हैं। इसके तहत निगम ने शहर में 'जलदूत' अभियान शुरू किया है, जिसके अंतर्गत पूरी दिल्ली में 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर यात्रियों और राहगीरों को जलदूतों के माध्यम से मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बारे में एक प्रेस नोट जारी करते हुए राज्य सरकार ने बताया कि दिल्ली सरकार के हीट एक्शन प्लान 2025 के तहत ये जलदूत हर यात्री को RO का शुद्ध और ठंडा पानी बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराकर गर्मी से राहत दे रहे हैं।
इस बारे में जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा, 'मौसम की चरम स्थितियों के दौरान यात्रियों को तत्काल राहत और जरूरी मदद पहुंचाने के लिए हमने 'जलदूत' पहल शुरू की है, और इसके माध्यम से हम पूरी दिल्ली में जनता तक राहत पहुंचाने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।'
23 बस टर्मिनलों पर दी जा रही जलदूत सेवा
पंकज सिंह ने बताया कि, 'इस पहल के माध्यम से DTC ने पूरी दिल्ली में 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर यात्रियों और राहगीरों को मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए 'जलदूत' तैनात किए हैं। इस दौरान शहर भर में चलने वाली लगभग 3000 DTC बसों में मुफ्त पीने के पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्था की गई है।' उन्होंने आगे बताया कि इस पहल का उद्देश्य आम जनता को, विशेष रूप से उन दैनिक यात्रियों को तत्काल राहत प्रदान करना है, जो भीषण गर्मी की स्थितियों के प्रति सबसे अधिक संवेदनशील होते हैं।'
पिछले साल मिली थी जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया
विभाग ने बताया कि परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर इस 'जलदूत' पहल को पिछले साल पहली बार शुरू किया गया था। उस वक्त योजना को जनता से जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी और इसके माध्यम से भीषण गर्मी के मौसम के दौरान नागरिकों को काफी राहत पहुंचाई गई थी। ऐसे में इस साल लगातार दूसरी बार उसी सफलता को आगे बढ़ाते हुए, इस पहल को और अधिक सुदृढ़ किया गया है ताकि इसकी पहुंच और प्रभाव का विस्तार किया जा सके।
बारिश के बाद शहर के तापमान में आई गिरावट
दिल्ली के मौसम की बात करें तो अचानक हुई बारिश की वजह से शहर के लोगों को बीते कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से राहत मिली है। इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को अधिकत तापमान में गिरावट देखी गई और यह 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम है। दिल्लीवासियों को यह राहत गुरुवार को शहर में हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद मिली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार रात को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने का लगाया है, और देर रात बादल गरजने के साथ बूंदा-बांदी की भविष्यवाणी की है।
बाल रोग विशेषज्ञ ने बच्चों को लेकर दी महत्वपूर्ण सलाह
इस बीच शहर में बढ़ते तापमान के बीच, AIIMS दिल्ली की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शेफाली गुलाटी ने भीषण गर्मी में बच्चों के स्वास्थ्य की रक्षा करने के लिए कुछ जरूरी उपाय सुझाए। उन्होंने कहा कि 'बच्चे मौसम के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं, ऐसे में हमें यह पक्का करना चाहिए कि उनके शरीर में पानी की कमी न हो। इसलिए बच्चों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बार-बार ऐसे तरल पदार्थ दिए जाने चाहिए, जिनमें ज्यादा शक्कर ना हो।'
डॉक्टर ने कहा कि 'भीषण गर्मी में उन्हें बाहर की कोई भी गतिविधि करने से रोकना चाहिए। अगर किसी बच्चे को मिर्गी की बीमारी है, तो इस दौरान उसे दौरे ज़्यादा पड़ सकते हैं। जिन बच्चों को पहले से कोई बीमारी है, उनकी समस्याएं बढ़ सकती हैं, इसलिए उन्हें खास तौर पर सावधान रहना होगा। छोटे बच्चों का खास ध्यान रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि वे अपनी प्यास बोलकर नहीं बता सकते, इसलिए उन्हें दिन-रात तरल पदार्थ देते रहना चाहिए और ठंडी जगह पर रखना चाहिए।'




साइन इन