दिल्ली मेट्रो फेज-4 के सभी स्टेशनों पर लगेंगी AI स्कैनर मशीनें, ये होंगे 4 फायदे
दिल्ली मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए डीएमआरसी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ले रहा है। इसी कड़ी में मेट्रो फेज-4 के सभी स्टेशनों पर एआई से लैस बैग स्कैनर मशीनें लगाने की तैयारी है।

दिल्ली मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ले रहा है। इसी कड़ी में मेट्रो फेज-4 के सभी स्टेशनों पर एआई से लैस बैग स्कैनर (एक्सरे बैग इंस्पेक्शन) मशीनें लगाने की तैयारी है।
इन मशीनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये बैग में रखी छोटी कील तक की तुरंत पहचान लेगी। साथ ही स्कैनर मशीनों की मॉनीटरिंग के लिए लगे मॉनिटर की भी लगातार निगरानी की जरूरत नहीं होगी। एआई न सिर्फ संदिग्ध वस्तु की पहचान करेगा, बल्कि वह हूबहू क्या है, इसकी जानकारी भी देगा।
फेज चार में 110.617 किलोमीटर के छह मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण होना है। इस पर कुल 83 स्टेशन होंगे। इसके तहत प्रमुखता वाले तीन कॉरिडोर का निर्माण 73 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसमें जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम, तुगलकाबाद-एरोसिटी और मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर शामिल है। इसकी कुल लंबाई 63.392 किलोमीटर और 44 स्टेशन होंगे। इसका बड़ा हिस्सा नए वर्ष में मेट्रो परिचालन के लिए खुल जाएगा। डीएमआरसी के अनुसार इन तीनों कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर बैग स्कैन के लिए एआई आधारित स्कैनर मशीन लगाई जाएंगी।
अभी इन स्टेशनों पर लगी हैं मशीनें : वर्तमान में हौज खास, चांदनी चौक, न्यू अशोक नगर, केंद्रीय सचिवालय, बाराखंभा रोड, चांदनी चौक, विश्वविद्यालय इत्यादि प्रमुख स्टेशनों पर 76 एआई आधारित बैग स्कैनर मशीनें लगाई जा चुकी हैं।
ऐसे काम करते हैं स्कैनर
मेट्रो स्टेशन पर लगाए जा रहे ये आधुनिक स्कैनर यात्री के बैग में रखी किसी भी संदिग्ध वस्तु जैसे धारदार हथियार, विस्फोटक, नुकीली वस्तु की पहचान कर यह बता देगा कि बैग के किस हिस्से में वह वस्तु रखी है। एआई स्कैनर इसके लिए बकायदा मॉनिटर पर लाल घेरा बनाकर वस्तु की जानकारी देगा। साथ ही अलर्ट भी भेजेगा।
यह होगा फायदा
1. स्कैन मशीनों की लगातार निगरानी नहीं करनी पड़ेगी।
2. यात्रियों को बेवजह संदेह के आधार पर नहीं रोकना पड़ेगा।
3. जांच के दौरान भीड़ बढ़ने से होने वाली परेशानी खत्म होगी।
4. समय बचेगा और सुरक्षा पहले से ज्यादा बेहतर होगी।




साइन इन