aap mp sanjay singh on tmc leaders leaving mamata banerjee मोदी का फॉर्मूला है; ममता बनर्जी की पार्टी में मची भगदड़ पर बोले संजय सिंह, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मोदी का फॉर्मूला है; ममता बनर्जी की पार्टी में मची भगदड़ पर बोले संजय सिंह

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने तृणमूल कांग्रेस में टूट-फूट को लेकर पीएम मोदी और भाजपा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि डरा-धमकाकर विपक्षी पार्टियों को तोड़ा जा रहा है।

Thu, 11 June 2026 02:18 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, एजेंसियां
share
मोदी का फॉर्मूला है; ममता बनर्जी की पार्टी में मची भगदड़ पर बोले संजय सिंह

लगातार 15 साल तक पश्चिम बंगाल की सत्ता पर एकछत्र राज करने वालीं ममता बनर्जी इन दिनों गहरे संकट में हैं। एक तरफ उनकी सत्ता चली गई तो दूसरी तरफ अब पार्टी में भगदड़ मच गई है। विधायक टूटे, लोकसभा सांसदों ने राह अलग कर ली, राज्यसभा के सदस्य इस्तीफा दे रहे हैं और कल तक खुद को दीदी के 'कट्टर' समर्थक दिखाने वाले नेता भी दूरी बना रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस में मची टूट-फूट के लिए राजनीतिक विश्लेषक कई तरह की वजहें गिना रहे हैं पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह इसके लिए पीएम मोदी को दोष दे रहे हैं। वह इसे पीएम का फॉर्मूला बता रहे हैं।

हाल ही में सात राज्यसभा सांसदों की टूट झेल चुकी 'आप' के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कई उदाहरण गिनाए और टीएमसी में हो रहे घटनाक्रम के लिए सीधे तौर पर पीएम मोदी को जिम्मेदार बताया। न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में संजय सिंह ने आरोप लगाया कि डरा-धमकाकर विपक्षी पार्टियों को तोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा, 'डराओ धमकाओ, पार्टियों को तोड़ो... यह प्रधानमंत्री जी का फॉर्मूला है। कभी वह फॉर्मूला आम आदमी पार्टी पर इस्तेमाल होता है, कभी समाजवादी पार्टी पर होता है, कांग्रेस पर तो कई बार हो चुका है। अब टीएमसी पर इस्तेमाल हो रहा है।'

48 घंटे में कैसे पलट गए: संजय सिंह

शिवसेना और एनसीपी जैसी पार्टियों का उदाहरण देते हुए संजय सिंह ने टीएमसी में अचानक नेताओं के पलटने पर हैरानी जताई और कहा कि ये लोग कल तक ममता बनर्जी की जयजयकार कर रहे थे। संजय सिंह ने कहा, 'विपक्षी पार्टियों को तोड़-तोड़कर भाजपा और प्रधानमंत्री ने लोकतंत्र का गला घोंटा है। वही काम टीएमसी के मामले में हो रहा है। आप बताइए अचानक ऐसे कैसे हो सो सकता है कि जो लोग कल तक ममता दीदी, ममता दीदी और ममता दीदी की जयजयकार कर रहे थे, चुनाव परिणाम के बाद 48 घंटे में पलट जाएं? इसका मतलब डराने धमकाने और पार्टियों को तोड़ने की राजनीति प्रधानमंत्री कर रहे हैं।'

भाजपा पर दाऊद इब्राहिम वाला तंज

संजय सिंह ने कहा कि टीएमसी में जो कुछ हो रहा है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने भाजपा में दूसरी पार्टियों के नेताओं के शामिल होने पर तंज सकते हुए कहा, 'जिसको ये लोग बेईमान, भ्रष्टाचारी बताते हैं उसी को पार्टी में शामिल कर लेते हैं। अब तो दाऊद इब्राहिम का ही भाजपा में शामिल होना बाकी है, बाकी तो सब आ चुके हैं। अगर देश जागा नहीं इनके खिलाफ तो ना तो चुनाव का मतलब रहेगा, ना सांसद विधायक का कोई मतलब रहेगा।'

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।