AAP MLA Kuldeep Kumar again received death threats आप विधायक कुलदीप कुमार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, बोले- अगर मुझे कुछ होता है…, Ncr Hindi News - Hindustan
More

आप विधायक कुलदीप कुमार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, बोले- अगर मुझे कुछ होता है…

विधायक ने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा- आज फिर एक अज्ञात नंबर से मुझे जान से मारने की धमकी मिली। यह पिछले एक हफ्ते में दूसरी धमकी है।

Thu, 30 April 2026 09:33 AMRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
आप विधायक कुलदीप कुमार को फिर मिली जान से मारने की धमकी, बोले- अगर मुझे कुछ होता है…

नई दिल्ली के कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। विधायक ने अपने एक्स अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा- "आज फिर एक अज्ञात नंबर से मुझे जान से मारने की धमकी मिली। यह पिछले एक हफ्ते में दूसरी धमकी है।"

आप विधायक कुलदीप कुमार ने खुले शब्दों में कहा है कि अगर मुझे या मेरे परिवार को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन के रवैये पर कहा कि पिछले हमले में अभी तक न कोई कार्रवाई हुई है और न ही अपराधी पकड़े गए हैं। क्या कानून का डर खत्म हो गया है?

विधायक ने बताया कि मैंने थाना कल्याणपुरी में शिकायत दर्ज करवा दी है। इसके साथ ही सवाल करते हुए लिखा- दिल्ली कमिश्नर और दिल्ली पुलिस कब तक कार्रवाई करेगी? इसके साथ ही अपने साथ अगर किसी भी तरह की अनहोनी घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के होने की बात भी लिखी। विधायक ने ट्वीट में तस्वीर भी शेयर की। इसमें उनके आस-पास पुलिसकर्मी बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके हाथों में कागजात हैं। संभवता पुलिस द्वारा शिकायत दर्ज की जा रही है।

आपको बताते चलें कि बीते दिन गुरुग्राम के कई स्कूलों को बुधवार सुबह बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल मिले थे। पुलिस ने बताया कि श्री राम, एमिटी और एचडीएफसी स्कूल समेत कम से कम 10 स्कूलों को सुबह आठ बजकर 33 मिनट पर धमकी भरे ईमेल मिले। उस समय तक कक्षाएं शुरू हो चुकी थीं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्कूल प्रशासन को सुबह करीब नौ बजे धमकियों के बारे में पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। अधिकारी ने बताया कि स्कूलों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए, कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी और अभिभावकों से अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने को कहा।

बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक स्कूलों के बाहर जमा हो गए और पुलिस व बम निरोधक दल मौके पर पहुंचकर तलाशी में जुट गए। अधिकारी ने कहा, ''सुबह से अब तक करीब 10 स्कूलों ने बम से उड़ाने की धमकी के संबंध में पुलिस से संपर्क किया है। पुलिस टीम सतर्क हैं और सभी परिसरों की तलाशी जारी है।''

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।