आतिशी ने किया गुरु तेग बहादुर का अपमान? AAP विधायक ने बताई सदन के अंदर की बात
आतिशी के कथित रूप से गुरु तेग बहादुर के अपमान वाले आरोप पर आप विधायक गोपाल राय ने बताया कि सदन में गुरु तेग बहादुर जी के सम्मान में चर्चा की गई। विपक्ष के प्रतिनिधियों ने भी इसमें बहुत आदर के साथ हिस्सा लिया।

आम आदमी पार्टी की कालकाजी सीट से विधायक और दिल्ली विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी मुश्किल में हैं। बीजेपी विधायकों का दावा है कि नेता प्रतिपक्ष ने सदन के अंदर गुरु तेग बहादुर का अपमान किया है। भाजपा विधायकों ने आतिशी से गलती के लिए माफी की मांग की है। उनका कहना है कि आतिशी ने इस गलती को छिपाने के लिए पलूशन का मुद्दा छेड़ा था,अब इसपर आम आदमी पार्टी के विधायक और विधानसभा के अंदर उस वक्त मौजूद गोपाल राय ने जबाव दिया है। उन्होंने गुरु तेग बहादुर के अपमान वाली बात को निराधार बताते हुए भाजपा नेताओं पर हमला बोला है।
आप विधायक ने बताई बात
आतिशी के कथित रूप से गुरु तेग बहादुर के अपमान वाले आरोप पर आप विधायक गोपाल राय ने बताया कि सदन में गुरु तेग बहादुर जी के सम्मान में चर्चा की गई। विपक्ष के प्रतिनिधियों ने भी इसमें बहुत आदर के साथ हिस्सा लिया। चर्चा खत्म होने के बाद, जब विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ने उपराज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा शुरू करने का आदेश दिया, तो विपक्ष की नेता (LoP) आतिशी ने कहा कि पहले प्रदूषण पर चर्चा होनी चाहिए। मेरा सभी भाजपा नेताओं और अन्य लोगों से विनम्र निवेदन है कि वे सफेद झूठ बोलने के बजाय तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखें। पूरी दिल्ली प्रदूषण के मुद्दे पर चर्चा करना चाहती है। बीजेपी का आरोप निराधार और तथ्यविहीन है।
बीजेपी ने कहा- माफी मांगें आतिशी
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आज सदन में एक बहुत ही पवित्र विषय पर चर्चा हो रही थी, लेकिन उस दौरान नेता आतिशी ने आने के बाद जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, वह स्वीकार करने योग्य नहीं है। ऐसी बातें कही गईं जिन्हें मैं दोहराना भी नहीं चाहता। उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। वह गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पर होने वाली चर्चा से बचना चाहती थीं, इसीलिए उन्होंने प्रदूषण का मुद्दा उठाया। प्रदूषण पर चर्चा तो कल के लिए तय है। उन्होंने बहुत ही निंदनीय काम किया है। हम इसकी कड़े शब्दों में निंदा करते हैं।
दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि विपक्ष के नेता का व्यवहार पूरी तरह से शर्मनाक, निंदनीय और अस्वीकार्य है। सदन में एक बहुत ही गंभीर विषय पर चर्चा हो रही थी, श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ। जिस तरह से आप नेता आतिशी ने व्यवहार किया और चर्चा में बाधा डाली, वह बहुत ही चौंकाने वाला था। मेरा मानना है कि इतने गंभीर मामले पर विपक्ष के नेता द्वारा ऐसा अनुचित व्यवहार देश की किसी भी विधानसभा या सदन में पहले कभी नहीं देखा गया। उन्हें इसके लिए सदन में और सार्वजनिक रूप से निश्चित रूप से माफी मांगनी होगी।




साइन इन