अवैध ब्रेकर पर उछली बाइक और चली गई जान, गाजियाबाद में 34 साल के युवक की मौत
गाजियाबाद में अवैध रूप से बने ब्रेकर ने एक बाइक सवार की जान ले ली। ब्रेकर पर बाइक उछलने के बाद युवक गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हेलमेट न होने के कारण सिर पर गहरी चोट लगी थी। युवक एक मिठाई की दुकान से रसमलाई लेकर लौट रहा था।

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र में अवैध ब्रेकर पर बाइक उछलने के बाद गिरने से युवक की मौत हो गई। परिजनों ने छह जून को हुए हादसे की शिकायत मंगलवार को पुलिस से की। भोपुरा की गगन विहार कॉलोनी में रहने वाले 34 साल के राहुल कुमार हिंडन एयरबेस में संविदा पर कार्यरत थे। परिवार में पत्नी मीनाक्षी, 15 साल का बेटा, 10 साल की बेटी और डेढ़ साल का बेटा है।
राहुल के साले सुमित ने बताया कि छह जून की रात भोजन के बाद बच्चों ने मीठा खाने की इच्छा जताई। राहुल घर से रुपये लेकर राजेंद्रनगर स्थित एक मिठाई की दुकान पर रसमलाई लेने गए थे। वहां से लौटते समय साढ़े 11 बजे के करीब सेकेंड आरएम ब्लॉक के सामने एक ब्रेकर आ गया और अचानक बाइक उछल गई।
कई फीट दूर जा गिरा
इससे राहुल का नियंत्रण खो गया और वह ब्रेकर से कई फीट दूर बाइक से आगे जमीन पर जा गिरे। पास खड़े लोग दौड़े और पुलिस को सूचना देकर उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक हेलमेट न होने के कारण सिर पर गहरी चोट लगी थी, जिसके चलते राहुल को हायर सेंटर रेफर किया गया था, जहां उनकी मौत हो गई।
रातोंरात ब्रेकर गायब कर दिया गया
सुमित ने बताया कि उन्हें पुलिस से ही हादसे की सूचना मिली थी। सात जून को राहुल के अंतिम संस्कार के बाद आठ जून को पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाई तो परिजनों को ब्रेकर के कारण हादसा होने का पता चला। वह मौके पर पहुंचे तो वहां कोई ब्रेकर नहीं था। साइड में मलबा पड़ा था। आरोप है कि रातोंरात ब्रेकर गायब कर दिया गया। इससे साफ है कि गलत तरीके से ब्रेकर बनाया गया था।
दो दिन पहले ही बना था
सुमित ने घटनास्थल पर आसपास के लोगों से बात की तो पता चला कि दुर्घटना से एक दिन पहले ही ब्रेकर बनाया गया था। नगर निगम ने यह ब्रेकर बनाया था, लेकिन यह अवैध था। साथ ही इस पर दृश्यता के लिए सफेद पट्टी भी नहीं खींची गई थीं। इसीलिए हादसा हुआ। सुमित ने आठ जून को शालीमार गार्डन थाने में शिकायत दी। इसमें ब्रेकर अवैध रूप से बनाने, इसकी अनुमति, सुरक्षा मानकों का पालन न करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि जांच की बात कह उन्हें थाने से टरका दिया गया। जोर देने पर पुलिसकर्मी ने उनसे अभद्रता की।
टेबल टॉप की जगह निगम ने बना दिया ब्रेकर
सेकेंड आरएम ब्लॉक आरडब्ल्यूए के सचिव धनंजय श्रीवास्तव ने बताया कि चार जून को नगर निगम ने टेबल टॉप की जगह ब्रेकर बना दिया। हादसे के बाद सात जून को इसे नगर निगम की टीम ने हटा दिया।
नगर निगम से जानकारी मांगी जाएगी
शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने कहा कि हादसे की शिकायत मिली है। इसमें कई बिंदु उठाए गए हैं, जिनकी जांच के लिए नगर निगम से जानकारी मांगी जाएगी। जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी ऐसी घटना हुई
फरवरी 2024 में इंदिरापुरम स्थित शिप्रा रिवेरा सोसाइटी के गेट नंबर-5 के सामने अवैध रूप से बने ब्रेकर पर स्कूटी उछल गई थी। स्कूटी पर सवार युवक की हादसे में मौत हो गई थी। वह कतर में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही घर लौटे थे। इस हादसे के बाद भी प्रशासन ने अवैध ब्रेकर हटाने का दावा किया था, लेकिन अब फिर एक युवक की जान इन वजह से चली गई।




साइन इन