19-year-old boy shot dead in Ghaziabad मस्जिद के पास दोस्त से मिलने आया था…; बुलेट सवार लड़कों ने छाती में गोली मारकर किया मर्डर, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मस्जिद के पास दोस्त से मिलने आया था…; बुलेट सवार लड़कों ने छाती में गोली मारकर किया मर्डर

सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर हालत में युवक को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपने साथी से मिलने आया था।

Thu, 11 Dec 2025 11:11 PMRatan Gupta हिन्दुस्तान टीम, गाजियाबाद, आयुष
share
मस्जिद के पास दोस्त से मिलने आया था…; बुलेट सवार लड़कों ने छाती में गोली मारकर किया मर्डर

गाजियाबाद के अंकुर विहार थाना क्षेत्र की डाबर तालाब कॉलोनी में गुरुवार शाम बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक के सीने में गोली मार कर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस गंभीर हालत में युवक को संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपने साथी से मिलने आया था। पुलिस के मुताबिक युवक आपराधिक प्रवृत्ति का है। उस पर चोरी के चार और बलवा का एक मुकदमा दर्ज है।

अंकुर विहार थाना क्षेत्र की एसएलएफ कॉलोनी निवासी 19 वर्षीय शिवम उर्फ लालू गुरुवार शाम डाबर तालाब कॉलोनी में फातिमा मस्जिद के पास साथी आफताब से मिलने आया था। आफताब बेड के कुशन बनाने का कार्य करता है। घटना के समय दोनों बैठ कर बात कर रहे थे। इस दौरान बुलेट बाइक पर आये तीन युवक मौके पर पहुंचे। एसपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि बाइक पर आए तीन युवकों में से एक युवक ने शिवम पर फायरिंग कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर ने दो राउंड फायर किये। एक गोली दीवार में जा लगी और दूसरी गोली शिवम के सीने में जा लगी। जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। आस पास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस युवक को गंभीर हालत में संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। एसीपी ने बताया कि मृतक पर चोरी के चार और एक बलवा का मुकदमा अलग अलग थानों में दर्ज है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। पुलिस की तीन टीम मामले की जांच में जुटी है।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।