PM Modi Address To Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। विधायिका में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने वाला विधेयक लोकसभा में पारित न हो पाने के एक दिन बाद उनका यह संबोधन रहा। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे और संसद में हुई घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की, जहां विपक्षी दलों ने शुक्रवार को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। इस विधेयक के तहत 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कवायद के बाद 2029 के संसदीय चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए लोकसभा सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 तक किया जाना था।
राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को समायोजित करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जानी थी। इस विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन आवश्यक समर्थन नहीं जुटा सका। शुक्रवार रात लोकसभा में विधेयक पर हुए मतदान के दौरान 298 सदस्यों ने इसके समर्थन में मतदान किया, जबकि 230 सांसदों ने इसके विरोध में मतदान किया। मतदान करने वाले 528 सदस्यों में से विधेयक को दो-तिहाई बहुमत के लिए 352 के मतों की आवश्यकता थी।
कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को लागू करने को लेकर उसका रुख हमेशा एक जैसा रहा है, जबकि मोदी सरकार इस मुद्दे पर लगातार पलटी मारती रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अपने न्याय पत्र (घोषणापत्र) में वादा किया था कि सत्ता में आने पर 2029 से महिला आरक्षण को लागू किया जाएगा। जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट किया, 'कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए जारी अपने न्याय पत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण को जोड़ने के मोदी सरकार के इस चालाकी से भरे कदम की आलोचना की थी और महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने का वादा किया था। हमारा रुख हमेशा एक जैसा रहा है, सितंबर 2023 में जून, 2024 में और अब अप्रैल 2026 में भी वही है। दूसरी ओर, मोदी सरकार लगातार अपने रुख से पलटी मारती रही है।' चलिए जानते हैं लेटेस्ट अपडेट्स…
18 Apr 2026, 08:56:17 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी बोले- महिलाओं के अधिकारों को लूट लिया
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस, सपा, डीएमके, टीएमसी और अन्य पार्टियों ने इन सभी वर्षों में एक ही बहाना बनाया है। कुछ तकनीकी मुद्दा उठाकर उन्होंने महिलाओं के अधिकारों को लूट लिया है। राष्ट्र ने इस राजनीति के इस घृणित पैटर्न को समझ लिया है और इसके पीछे की वजह को भी समझ लिया है।'
18 Apr 2026, 08:53:53 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी बोले- महिलाएं हर घटना पर नजर रख रहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'मैं उन पार्टियों से साफ-साफ कहना चाहता हूं जिन्होंने कल संसद में नारी शक्ति वंदन संशोधन का विरोध किया, ये लोग महिलाओं की शक्ति को हल्के में ले रहे हैं। ये लोग भूल रहे हैं कि इक्कीसवीं सदी की महिलाएं देश की हर घटना पर नजर रख रही हैं। वे इनके इरादों को समझ रही हैं और सच्चाई से पूरी तरह वाकिफ हैं। इसलिए महिलाओं के आरक्षण का विरोध करके जो पाप इन लोगों ने किया है, उसके लिए विपक्ष को निश्चित रूप से सजा मिलेगी।'
18 Apr 2026, 08:51:45 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस एंटी रिफॉर्म पार्टी है
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने फिर सिद्ध कर दिया कि कांग्रेस एंटी रिफॉर्म पार्टी है। उन्होंने कहा, 'विकसित भारत के लिए जो भी फैसले, रिफॉर्म जरूरी हैं, कांग्रेस उन सबका विरोध करती है। उसे खारिज कर देती है। उस काम के अंदर खलल डालती है। यही कांग्रेस का इतिहास है और यही उसकी निगेटिव पॉलिटिक्स है।'
18 Apr 2026, 08:49:58 PM IST
Women Reservation Bill: कांग्रेस पर पीएम मोदी ने साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'व्यक्तिगत रूप से मुझे आशा थी कि कांग्रेस अपने दशकों पुराने गलत कदम को सुधार लेगी, कि वह अपनी गलतियों का प्रायश्चित करेगी। लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने और महिलाओं के समर्थन में खड़े होने का अवसर खो दिया। कांग्रेस देश के अधिकांश क्षेत्रों में अपना अस्तित्व खो चुकी है। एक परजीवी की तरह कांग्रेस क्षेत्रीय दलों पर सवार होकर खुद को जिंदा रखे हुए है। लेकिन कांग्रेस क्षेत्रीय दलों को मजबूत होते भी नहीं देखना चाहती। इसलिए उसने कई क्षेत्रीय दलों के भविष्य को दांव पर लगाकर इस संशोधन का विरोध करने की राजनीतिक साजिश रची।'
18 Apr 2026, 08:47:21 PM IST
Women Reservation Bill: कांग्रेस ने झूठ का सहारा लिया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'कांग्रेस ने झूठ का सहारा लिया, कभी संख्या को लेकर, कभी किसी और तरीके से। कांग्रेस और उसके साथियों ने देश को गुमराह करने की कोशिश की। ऐसा करके इन दलों ने भारत की नारी शक्ति के सामने अपना असली चेहरा सामने ला दिया। अपना मुखौटा उतार दिया। मुझे व्यक्तिगत तौर पर आशा थी कि कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती सुधारेगी, अपने पापों का प्रायश्चित करेगी, लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने का, महिलाओं के पक्ष में खड़े होने का अवसर खो दिया।'
18 Apr 2026, 08:44:22 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी बोले- सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद सफल नहीं हुए
राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'आज मैं यहां एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करने के लिए हूं, खासकर इस देश की महिलाओं के लिए। इस देश का हर नागरिक देख रहा है कि महिलाओं की प्रगति कैसे रुक गई है। हमारे सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के बावजूद हम सफल नहीं हो सके। नारी शक्ति अधिनियम में संशोधन नहीं हो सके। और मैं पूरे राष्ट्र की माताओं और बहनों से इस बाबत माफी मांगता हूं।'
18 Apr 2026, 08:40:06 PM IST
Women Reservation Bill: '40 साल से लटके हुए नारी के हक को...'
पीएम मोदी ने कहा, 'सदन में नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से भी कुछ छीनने का नहीं था। यह हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। देने के लिए संशोधन का था। यह 40 साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के लोकसभा चुनाव में हक देने का संशोधन था।'
18 Apr 2026, 08:21:21 PM IST
Women Reservation Bill: पीटी उषा बोलीं- बहुत दुख हुआ
राज्यसभा सांसद पीटी उषा ने संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर कहा, 'हमें उम्मीद थी कि महिला आरक्षण लागू हो जाएगा। बहुत दुख हुआ। हमने महिलाओं को आगे बढ़ाने की कोशिश की। अभी बिल पारित नहीं हो पाया। देखते हैं आगे क्या होगा।'
18 Apr 2026, 08:15:01 PM IST
Women Reservation Bill: शिवसेना के नेताओं ने किया प्रदर्शन
विधायिकाओं में महिलाओं को आरक्षण देने से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक के लोकसभा में एक दिन पहले पारित नहीं होने के बाद शिवसेना के नेताओं ने शनिवार को विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान शिवसेना नेता एवं विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे, मनीषा कायंदे ने विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीरों को पैरों तले रौंदा।
18 Apr 2026, 08:11:41 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी बोले- विस्तार से बात होगी
तमिलनाडु की चुनावी रैली में पीएम मोदी ने कहा कि इस कार्यक्रम के बाद मैं आज रात 8.30 PM बजे राष्ट्र के नाम अपनी बात बताने वाला हूं। इस विषय पर मैं विस्तार से बात करन वाला हूं।
18 Apr 2026, 07:13:28 PM IST
Women Reservation Bill: देश को बांटने के लिए लाया विधेयक- ममता बनर्जी
ममता बनर्जी ने कहा, 'आज प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर राष्ट्र को झूठ का एक और जाल बुनकर संबोधित करेंगे। भाजपा शासन में वे लोग जो कभी दंगे भड़काते थे, आज देश के नेता बन गए हैं।' ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह विधेयक देश को बांटने के लिए लाया गया था। भाजपा राजनीतिक फायदा उठाने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने का खेल खेल रही है।
18 Apr 2026, 07:12:07 PM IST
Women Reservation Bill: पीएम मोदी के संबोधन से पहले ममता का तंज
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को झूठ का एक और जाल बुनकर संबोधित करेंगे। यह बयान लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पास न होने के बाद आया है। महिला आरक्षण लागू करने वाला यह विधेयक इसलिए पास नहीं हो सका क्योंकि इंडिया गठबंधन ने परिसीमन प्रक्रिया के पक्ष में वोट देने से इनकार कर दिया।
18 Apr 2026, 06:58:15 PM IST
Women Reservation Bill: महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि- दिलीप घोष
खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार दिलीप घोष ने संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर कहा, 'महिलाओं का सशक्तिकरण, महिलाओं का सम्मान, महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि होना चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा इसका प्रयास किया है। यह बिल पास होना चाहिए था। जिन लोगों के कारण यह बिल पास नहीं हो पाया, देश की महिलाएं उन पार्टियों को भी देख रही हैं और उनका भी हिसाब करेंगी। विपक्ष नहीं चाहता है कि महिलाएं आगे आएं।'
18 Apr 2026, 06:33:50 PM IST
Women Reservation Bill: देश की बेटियों के खिलाफ षड्यंत्र- कंगना रनौत
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर कहा, 'ये बिल विपक्ष ने देश की बेटियों के खिलाफ षड्यंत्र करके पारित नहीं होने दिया। कल भी जब ये बिल पारित नहीं हुआ तब इन्होंने खुशियां मनाई। बेटियों के सपने तोड़कर ये लोग खुशियां मना रहे हैं।'
18 Apr 2026, 05:53:21 PM IST
Women Reservation Bill: मेरा मन बहुत रो रहा- मनोज तिवारी
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, 'मेरा मन बहुत रो रहा है। कल जब संसद में बिल गिरा तो आपने PM मोदी का चेहरा देखा होगा, कैसे उन्होंने अपने दर्द, अपने आंसुओं को रोका। मेरा उठने का मन नहीं कर रहा था। कांग्रेस, SP, AAP, TMC, DMK ने इस देश की महिलाओं को चुनौती दी है। महिलाएं उन्हें जवाब देंगी। मुझे खुशी है कि वे (महिलाएं) आज यहां आए हैं और हम उनका समर्थन करने आए हैं।'
18 Apr 2026, 05:34:40 PM IST
Women Reservation Bill: स्मृति ईरानी ने क्या कहा
भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पास नहीं होने पर कहा, 'कल देश की जनता ने विपक्ष का जश्न देखा। वो विपक्ष जिसने देश की साधारण महिला के राजनीतिक मनसूबों को परास्त करने का दुस्साहस किया। कल देश के नागरिकों ने वो नजारा देखा जब महिलाओं के राजनीतिक आकांक्षाओं को विपक्ष ने एकजुट होकर कुचला... जिस जिसने कल इसका जश्न मनाया, उस एक-एक विपक्ष के नेता का चेहरा देश की जनता याद रखेगी। यह देश के हर युवा नागरिक का विषय है जो महिला का सम्मान करता है।'
18 Apr 2026, 05:33:24 PM IST
Women Reservation Bill: 'राजीव गांधी ने पंचायती चुनाव में 33% दिया आरक्षण'
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, 'राजीव गांधी ने पंचायती चुनाव में 33% आरक्षण दिया। इस बिल को राज्यसभा में सोनिया गांधी ने पारित किया। 2023 में सर्वसम्मति से इसे पारित किया गया। अगर नियत में खोट होगा तो इस तरह के बिल गिरेंगे ही... परिसीमन अभी क्यों लाने की जरूरत है? मंशा राजनीति करने से संबंधित थी।'
18 Apr 2026, 05:30:23 PM IST
Women Reservation Bill: भाजपा का चेहरा उजागर हो गया- नवीन पटनायक
संविधान (131वां संशोधन) बिल लोकसभा में पारित न होने पर बीजद प्रमुख नवीन पटनायक ने कहा, 'BJD हमेशा महिला सशक्तिकरण के साथ खड़ी रही है। हम परिसीमन के द्वारा ओडिशा की राजनीतिक शक्ति कम करने के बिल्कुल खिलाफ हैं। ओडिशा के लोगों ने देखा है कि कौन उनके हक के लिए लड़ा है और कैसे भाजपा ने ओडिशा के अधिकारों के साथ समझौता किया है। भाजपा का चेहरा ओडिशा के लोगों के सामने उजागर हो गया है। BJD हमेशा ओडिशा के लोगों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।'
18 Apr 2026, 05:19:52 PM IST
Women Reservation Bill: राहुल गांधी के घर तक विरोध मार्च
लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) बिल पास नहीं हो पाने के एक दिन बाद भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के राहुल गांधी के घर तक विरोध मार्च के दौरान उनका पुतला जलाया।