Will Palaniswami meet the Governor AIADMK quote EPS is not a kingmaker he is a king तमिलनाडु में किसकी सरकार? AIADMK बोली- किंगमेकर नहीं, किंग हैं पलानीस्वामी, India News in Hindi - Hindustan
More

तमिलनाडु में किसकी सरकार? AIADMK बोली- किंगमेकर नहीं, किंग हैं पलानीस्वामी

सोमवार को घोषित परिणामों में विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है, जिससे टीवीके अभी 10 सीटें दूर है।

Thu, 7 May 2026 12:34 PMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
तमिलनाडु में किसकी सरकार? AIADMK बोली- किंगमेकर नहीं, किंग हैं पलानीस्वामी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में सरकार बनाने को लेकर अटकलबाजी हो रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि किसी भी दल या चुनाव पूर्व गठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है। इस बीच अन्नाद्रमुक (AIADMK) के वरिष्ठ नेता एस. सेम्मलाई ने बड़ा बयान दिया है। गुरुवार को उन्होंने उन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि पार्टी महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करने वाले हैं।

पिछले कुछ दिनों से ऐसी खबरें आ रही थीं कि पलानीस्वामी अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को समर्थन देने और सरकार बनाने की संभावनाओं पर चर्चा करने के लिए राज्यपाल से मिल सकते हैं। इन रिपोर्टों पर विराम लगाते हुए पूर्व मंत्री सेम्मलाई ने पत्रकारों से कहा, "ऐसी किसी मुलाकात की कोई आवश्यकता नहीं है।"

TVK के साथ गठबंधन पर क्या बोले सेम्मलाई?

सेम्मलाई ने स्पष्ट किया कि AIADMK को टीवीके की ओर से सरकार बनाने में सहयोग के लिए कोई लिखित या मौखिक निमंत्रण प्राप्त नहीं हुआ है। जब उनसे पूछा गया कि क्या टीवीके की ओर से निमंत्रण मिलने पर अन्नाद्रमुक समर्थन देगी तो उन्होंने कहा कि इसका अंतिम निर्णय पलानीस्वामी ही लेंगे। पलानीस्वामी के कद पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, "हमारे नेता ही फैसला करेंगे। वह 'किंग मेकर' नहीं हैं, वह खुद ‘किंग’ हैं।"

23 अप्रैल को हुए मतदान के बाद सोमवार को घोषित परिणामों में विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में साधारण बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है, जिससे टीवीके अभी 10 सीटें दूर है। टीवीको को समर्थन देने के लिए पांच विधायकों के साथ कांग्रेस ने समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद भी संख्याबल विजय के पास पूरा नहीं होता है।