तमिलनाडु CM ब्लैक एंड व्हाइट सूट में ही क्यों नजर आते हैं? पहली बार विजय ने खोला असली राज
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को तिरुचिरापल्ली में अपनी पार्टी टीवीके की पहली बड़ी जन धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों, खासकर डीएमके पर तीखा हमला बोला। इस दौरान उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट सूट विवाद पर भी जवाब दिया।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सोमवार को तिरुचिरापल्ली में अपनी पार्टी टीवीके की पहली बड़ी जन धन्यवाद रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों, खासकर डीएमके पर तीखा हमला बोला। सत्ता संभालने के महज कुछ हफ्तों बाद आयोजित इस रैली में विजय ने अपनी सरकार की आलोचना करने वालों पर निशाना साधा और कहा कि जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपना मुख्य सेवक चुना है। इस दौरान उन्होंने ब्लैक एंड व्हाइट सूट विवाद पर भी जवाब दिया।
रैली को संबोधित करते हुए विजय ने कहा कि हमें सत्ता में आए अभी कुछ ही सप्ताह हुए हैं। जिन लोगों ने कहा था कि हम छह महीने चुप रहेंगे, वे छह दिन भी चुप नहीं रह सके। हमारे पदभार संभालने के आधे घंटे के अंदर ही उन्होंने शिकायत करना शुरू कर दिया। उन्होंने तमिलनाडु की जनता का आभार जताते हुए कहा कि आपने वर्षों तक बारी-बारी सत्ता में रहकर आपको धोखा देने वाली दो पार्टियों को नकार दिया है। आपने अपने बड़े भाई विजय को अपना मुख्य सेवक चुना है, जो पूरी ईमानदारी से आपके लिए काम करने आया है।
एमजीआर से तुलना पर क्या बोले विजय?
वहीं, लोगों द्वारा उनकी तुलना दिवंगत मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन (MGR) से किए जाने पर विजय ने कहा कि लोग कहते हैं कि एमजीआर को भी अपने पहले चुनाव में इतना वोट शेयर नहीं मिला था, फिर भी आपने टीवीके को जबरदस्त समर्थन दिया। मैं अपनी तुलना एमजीआर से नहीं कर रहा हूं। एमजीआर तो एमजीआर हैं, लेकिन मैं आपका विजय हूं, जो एमजीआर, अन्ना और पेरियार द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने आया हूं।
सूट विवाद पर भी बोले सीएम
मुख्यमंत्री विजय ने हाल में अपने सूट पहनने को लेकर उठे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कपड़े पहनना सत्ता में बैठे लोगों का विशेषाधिकार नहीं है। हम सूट क्यों नहीं पहन सकते? क्या सूट सिर्फ सत्ताधारी ही पहन सकते हैं? विजय ने आगे बताया कि उनका सूट (काला और सफेद) कोई फैशन स्टेटमेंट नहीं, बल्कि एक संदेश है। मैं हर चीज में काला और सफेद ही रहूंगा। काले रंग का क्या अर्थ है, यह आप सभी जानते हैं।
डीएमके पर भी बोला हमला
इस दौरान विजय ने डीएमके पर परिवारवाद, नशीली दवाओं के खतरे और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को लेकर जनता की नाराजगी का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके और एआईएडीएमके ने टीवीके को सत्ता से रोकने के लिए असामान्य गठबंधन किया, लेकिन जनता ने दोनों दलों को सिरे से खारिज कर दिया। हॉर्स-ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज करते हुए विजय ने कहा कि चुनाव टीवीके और डीएमके के बीच सीधा मुकाबला था। उन्होंने जोर दिया कि अब भी राजनीतिक रूप से मुकाबला इन्हीं दो पार्टियों के बीच है, तीसरे किसी के लिए जगह नहीं बची है।
टीवीके का क्या है रोडमैप?
विजय ने आगामी चुनावों में भारी समर्थन का भरोसा जताते हुए कहा कि टीवीके ने जातिवाद, धर्म और पैसे की राजनीति की दीवारें तोड़ दी हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त शासन और जाति आधारित राजनीति के अंत का आश्वासन दिया। उन्होंने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट को अपने दिल के करीब बताया और कहा कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार वे पेरम्बूर के विधायक हैं, लेकिन तिरुचिरापल्ली के लोग भी उनके दिल में बसते हैं।
बता दें कि 10 मई को सत्ता संभालने के बाद यह विजय का पहला बड़ा जन-संपर्क कार्यक्रम था। टीवीके ने हालिया विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर सरकार बनाई है, जिसे तमिलनाडु की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है।




साइन इन