why raja bhaiya separated from bhanvi singh close aide tells भानवी सिंह से क्यों 10 साल से अलग हैं राजा भैया, करीबी अक्षय प्रताप ने वजह बता लगाई आरोपों की झड़ी, India News in Hindi - Hindustan
More

भानवी सिंह से क्यों 10 साल से अलग हैं राजा भैया, करीबी अक्षय प्रताप ने वजह बता लगाई आरोपों की झड़ी

  • अक्षय ने कहा कि भइया तो इस विषय पर कुछ कहते नहीं हैं, लेकिन ये अवश्य कहूंगा कि जिस तरह से भानवी सिंह विष वमन कर राजा भइया की छवि धूमिल करने के लिए एड़ी चोटी का ज़ोर लगाए हैं। कोई भी पत्नी अपने पति के लिए कभी भी ऐसा न कहेगी न लिखेगी, उनके इसी व्यवहार के कारण भइया 10 वर्षों से अलग ही रह रहे हैं।'

Thu, 13 March 2025 09:44 AMSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share
भानवी सिंह से क्यों 10 साल से अलग हैं राजा भैया, करीबी अक्षय प्रताप ने वजह बता लगाई आरोपों की झड़ी

उत्तर प्रदेश के बाहुबली विधायक कहे जाने वाले रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का पत्नी भानवी सिंह से विवाद बढ़ता जा रहा है। यही नहीं दोनों के बीच का विवाद अब आम चर्चाओं में पहुंचने लगा है। भानवी सिंह ने दिल्ली में राजा भैया के खिलाफ उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। इस पर राजा भैया लगातार चुप्पी साधे हुए हैं, लेकिन उनके बेहद करीबी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ 'गोपाल जी' ने मोर्चा खोल रखा है। वह खुलकर अपनी भाभी भानवी सिंह पर ही हमला बोल रहे हैं। अब अक्षय प्रताप सिंह ने भानवी सिंह पर ही आरोप लगाया है कि उन्होंने घर के मामले को पब्लिक में पहुंचा दिया। उन्होंने एक्स पर नई पोस्ट में लिखा है कि भानवी सिंह ने जैसा बर्ताव किया है, वैसा कोई भी पत्नी अपने पति के लिए न कहेगी और न ही लिखेगी।

अक्षय प्रताप सिंह ने लिखा, 'हम सभी का ये मानना है कि घर की बात घर में ही रहती तो अच्छा होता, लेकिन घर की बात को बाहर लाया कौन? घर की बात को मसालेदार गॉसिप बनाकर लोगों के बीच परोसने वाली भानवी सिंह का असली चेहरा आप लोगों के सामने लाना आवश्यक है और ये सिलसिला जारी रहेगा। भइया तो इस विषय पर कुछ कहते नहीं हैं, लेकिन ये अवश्य कहूंगा कि जिस तरह से भानवी सिंह विष वमन कर राजा भइया की छवि धूमिल करने के लिए एड़ी चोटी का ज़ोर लगाए हैं। कोई भी पत्नी अपने पति के लिए कभी भी ऐसा न कहेगी न लिखेगी, उनके इसी व्यवहार के कारण भइया 10 वर्षों से अधिक से उनसे अलग ही रह रहे हैं।'

'राजा भैया से ज्यादा है भानवी सिंह की दौलत'

राजा भैया के करीबी का कहना है कि भानवी सिंह को शादी के बाद बड़ी संपत्ति मिली, लेकिन वह अब भी लगातार दौलत हथियाना चाहती हैं। गोपाल जी लिखते हैं, '1995 में भइया से विवाह होने के बाद भानवी सिंह को भदरी से चल-अचल अकूत संपत्ति दी गई, जिसमें प्रतापगढ़ में खेत, बाग, दिल्ली में शानदार बंगला, उत्तराखंड में विशाल सेब के बाग और ज़मीन शामिल हैं। इसके साथ ही वे दो व्यापारिक संस्थान की मालकिन बनीं। आभूषणों, गहनों की तो कोई गिनती ही नहीं है।' उन्होंने कहा कि भानवी सिंह को इतनी संपत्ति मिली की उनकी संपदा राजा भइया से अधिक हो गई। कई वर्षों से वे राजा भइया से अधिक आयकर रिटर्न भरती हैं।

'भानवी सिंह ने मांगे 100 करोड़ और महीने के 25 लाख'

वह लिखते हैं, 'इतने से भी जब उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने अदालत से राजा भइया के जैसी जीवनशैली जीने के लिए और अपने साज श्रृंगार के लिए महंगे विदेशी ब्रांड खरीदने के लिए राजा भइया से ‘10 लाख’ प्रति माह की मांग की। कुछ ही दिनों में उन्हें लगा कि ये रकम उनके शौक पूरा करने के लिए बहुत कम हैं और उन्होंने अपनी मांग बढ़ा कर ‘100 करोड़’ रुपये और साथ में ही ‘25 लाख’ रुपये प्रति माह भइया से अदालत के माध्यम से मांगे। मैंने जो उपरोक्त बातें कहीं हैं, सभी प्रमाणित हैं, इसके अभिलेख न्यायालय से प्राप्त किये जा सकते हैं। ये मांग सही है या ग़लत ये निर्णय मैं आप लोगों के विवेक पर छोड़ता हूं।'