राहुल गांधी से क्यों नहीं हुई विजय की मुलाकात? कल ही PM से मिले थे तमिलनाडु CM
बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के सेवा तीर्थ परिसर में पीएम मोदी के साथ हुई करीब 25 मिनट की मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु के हितों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

तमिलनाडु के नए नवेले मुख्यमंत्री और तमिलागा वेट्री कजगम (TVK) के प्रमुख सी जोसेफ विजय का कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ गुरुवार को मुलाकात होने वाली थी। फिलहाल इसके स्थगित कर दिया गया है। इसका कारण अभी सार्वजनिक नहीं किया है। सूत्रों का कहना है कि अब यह बैठक अगले हफ्ते होने की संभावना है। आपको बता दें कि यह बैठक गुरुवार सुबह 10 बजे 10 जनपथ पर होनी तय थी, लेकिन बुधवार देर रात इसे टालने का फैसला किया गया। इससे ठीक एक दिन पहले यानी बुधवार को विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से दिल्ली में मुलाकात की थी।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी TVK सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस, भाकपा (CPI), माकपा (CPI-M), वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) के समर्थन से राज्य में गठबंधन की सरकार बनाई है। 13 मई को विधानसभा में आसानी से विश्वास मत जीतने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में विजय का यह पहला दिल्ली दौरा है। ऐसे में गठबंधन सहयोगी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से उनकी मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी थीं।
मोदी के सामने उठाए तमिलनाडु के 3 मुद्दे
बुधवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के सेवा तीर्थ परिसर में पीएम मोदी के साथ हुई करीब 25 मिनट की मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु के हितों से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों पर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। विजय ने कावेरी नदी पर मेकेदातु संतुलन जलाशय परियोजना के लिए कर्नाटक सरकार द्वारा भूमि पूजन की घोषणा पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि यह कदम कावेरी जल विवाद न्यायाधिकरण (CWDT) के अंतिम फैसले और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सीधा उल्लंघन है। कर्नाटक के इस फैसले से तमिलनाडु के किसानों में भारी निराशा और चिंता है।
तमिल राज्य गान पर विवाद
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वंदे मातरम और राष्ट्रगान के बाद तीसरे नंबर पर तमिलनाडु के राज्य गान तमिल थाई वजथु को गाए जाने पर हुए विवाद को भी विजय ने पीएम के सामने रखा। उन्होंने पत्र सौंपकर मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्रालय एक स्पष्टीकरण जारी करे, जिसमें सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत में ही संबंधित राज्यों के राज्य गीतों को गाने की अनुमति दी जाए।
श्रीलंका की नौसेना द्वारा मछुआरों की गिरफ्तारी
मछुआरों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सीएम विजय ने बताया कि अकेले साल 2026 में अब तक मछुआरों की गिरफ्तारी की 12 घटनाएं हो चुकी हैं। वर्तमान में तमिलनाडु के 58 मछुआरे श्रीलंका की हिरासत में हैं और उनकी 266 नौकाओं को जब्त कर लिया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से श्रीलंकाई प्रशासन पर दबाव बनाकर इन्हें तुरंत रिहा कराने की मांग की।
निर्मला सीतारमण से मांगा फंड
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री विजय ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने तमिलनाडु के आर्थिक और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए एक विशेष मांग पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने फंड की मांग की है। राज्य के प्रमुख बंदरगाहों, राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे परियोजनाओं और औद्योगिक गलियारों को प्राथमिकता के आधार पर फंड देने का आग्रह किया।
दशकों बाद तमिलनाडु की सत्ता से द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) के प्रभुत्व को खत्म कर सत्ता में आए विजय के इस दिल्ली दौरे को केंद्र-राज्य संबंधों और भविष्य की राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पीएम मोदी से शिष्टाचार मुलाकात के बाद अब सभी की निगाहें अगले हफ्ते राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ होने वाली उनकी बैठक पर हैं।




साइन इन