Whose Government in Tamil Nadu Vijay Still Far from Majority Governor Has Not Extended an Invitation Either तमिलनाडु में किसकी सरकार? बहुमत से अभी भी दूर विजय, गवर्नर ने भी नहीं दिया न्योता, India News in Hindi - Hindustan
More

तमिलनाडु में किसकी सरकार? बहुमत से अभी भी दूर विजय, गवर्नर ने भी नहीं दिया न्योता

राज्यपाल को अब तक उन सभी दलों के आधिकारिक समर्थन पत्र प्राप्त नहीं हुए हैं जिन्होंने TVK को समर्थन देने का वादा किया है। राज्यपाल ने विजय को स्पष्ट कर दिया है कि सरकार बनाने के लिए बहुमत का स्पष्ट प्रमाण देना अनिवार्य है।

Sat, 9 May 2026 05:53 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
तमिलनाडु में किसकी सरकार? बहुमत से अभी भी दूर विजय, गवर्नर ने भी नहीं दिया न्योता

अभिनेता से नेता बने विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बावजूद अब भी बहुमत के जादुई आंकड़े के लिए संघर्ष कर रही है। शुक्रवार शाम को विजय ने राजभवन में राज्यपाल आर.वी. अर्लेकर से तीसरी बार मुलाकात की, लेकिन उन्हें अब तक सरकार बनाने का आधिकारिक न्योता नहीं मिला है। तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत है।

वर्तमान में TVK के पास 108 सीटें हैं। कांग्रेस ने अपने 5 विधायकों के साथ समर्थन देने का ऐलान किया है। वहीं, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया है। कांग्रेस के 5 विधायकों को मिलाकर भी यह संख्या 113 तक पहुंचती है, जो अब भी 118 के आंकड़े से 5 कम है।

राज्यपाल कार्यालय के अनुसार, उन्हें अब तक उन सभी दलों के आधिकारिक समर्थन पत्र प्राप्त नहीं हुए हैं जिन्होंने TVK को समर्थन देने का वादा किया है। राज्यपाल ने विजय को स्पष्ट कर दिया है कि सरकार बनाने के लिए बहुमत का स्पष्ट प्रमाण देना अनिवार्य है।

राज्यपाल द्वारा विजय को आमंत्रित न किए जाने के विरोध में शुक्रवार को पूरे तमिलनाडु में TVK समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। समर्थकों का तर्क है कि सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते विजय को सरकार बनाने का मौका दिया जाना चाहिए और उन्हें सदन के पटल पर बहुमत साबित करने की अनुमति मिलनी चाहिए।

DMK-AIADMK गठबंधन की चर्चा

इस राजनीतिक घमासान के बीच राज्य में एक और चौंकाने वाली चर्चा गर्म है। दशकों पुराने कट्टर दुश्मन DMK और AIADMK के बीच संभावित गठबंधन की खबरें आ रही हैं, ताकि विजय को सत्ता से बाहर रखा जा सके। हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

विधायकों में बेचैनी

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, TVK के नवनिर्वाचित विधायकों ने गुरुवार को पार्टी महासचिव बुसी एन. आनंद के साथ बैठक की। विधायकों ने सरकार गठन में हो रही देरी पर सवाल उठाए, जिस पर उन्हें धैर्य रखने को कहा गया और आश्वासन दिया गया कि पार्टी प्रमुख विजय हर संभव प्रयास कर रहे हैं।