Who is USAID Veena Reddy Discussion going on after Trump allegations BJP intensifies attacks कौन हैं USAID वाली वीना रेड्डी? ट्रंप के आरोपों के बाद हो रही चर्चा, भाजपा ने तेज किए हमले, India News in Hindi - Hindustan
More

कौन हैं USAID वाली वीना रेड्डी? ट्रंप के आरोपों के बाद हो रही चर्चा, भाजपा ने तेज किए हमले

  • वीना रेड्डी आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने ने 5 अगस्त 2021 को USAID इंडिया जॉइन किया था। वह 17 जुलाई 2024 को अमेरिका लौटने की घोषणा करने से पहले लगभग तीन साल तक इस पद पर रहीं।

Fri, 21 Feb 2025 06:37 AMHimanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान
share
कौन हैं USAID वाली वीना रेड्डी? ट्रंप के आरोपों के बाद हो रही चर्चा, भाजपा ने तेज किए हमले

डोनाल्ड ट्रंप जब से दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं, लगातार फंडों में कटौती की घोषणा कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भारत को मिलने वाले 2.1 करोड़ डॉलर की सहायता राशि पर रोक लगा दी है। भारत को यह राशि लोकसभा चुनावों में मतादातओं की भागीदारी बढ़ाने को लिए दी जा रही है। ट्रंप ने जब से इस फंड पर रोक लगाने की घोषणा की है, उसके बाद से USAID इंडिया की पूर्व डायरेक्टर वीना रेड्डी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने भारत में वोटिंग टर्नआउट बढ़ाने के लिए 2.1 करोड़ डॉलर की फंडिंग की थी।

इस आरोप ने तब तूल पकड़ा जब बीजेपी सांसद महेश जेठमलानी ने इस फंडिंग की जांच की मांग की और वीना रेड्डी की भूमिका पर सवाल उठाए। उनके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस फंडिंग को लेकर बयान दिया, जिसमें उन्होंने यह संकेत दिया कि यह फंड शायद लोकसभा चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल किया गया हो सकता है। ट्रंप ने बुधवार को एक सभा में कहा, "मुझे लगता है कि वे (USAID) किसी और को चुनाव जितवाना चाहते थे। हमें भारत सरकार को यह बताना होगा।"

वीना रेड्डी आंध्र प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने ने 5 अगस्त 2021 को USAID इंडिया जॉइन किया था। वह 17 जुलाई 2024 को अमेरिका लौटने की घोषणा करने से पहले लगभग तीन साल तक इस पद पर रहीं। रेड्डी ने स्वतंत्रता दिवस 2022 पर अपने दादा के बारे में एक पोस्ट की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके दादा ने 'भारत छोड़ो आंदोलन' में भाग लिया था और इसके परिणामस्वरूप उन्हें जेल भी भेजा गया था। उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैं उन बहादुर आत्माओं की धरोहर से प्रेरित और प्रभावित हूं जिन्होंने स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया।"

विदेश सेवा की अधिकारी के रूप में USAID से जुड़ने से पहले, वीना रेड्डी न्यूयॉर्क, लंदन और लॉस एंजिल्स में एक कॉर्पोरेट वकील के रूप में काम कर चुकी थीं। वह कोलंबिया विश्वविद्यालय स्कूल ऑफ लॉ से कानून में डॉक्टरेट में डिग्री हासिल कर चुकी हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो से एमए और बीए की डिग्री प्राप्त की है।

उन्होंने पाकिस्तान, मध्य एशियाई गणराज्य और मध्य अमेरिका में भी USAID के मिशन में काम किया है। रेड्डी न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया बार काउंसिल की सदस्य भी हैं।

वीना रेड्डी के कार्यकाल में भारत में USAID द्वारा परियोजनाओं के लिए वितरित निधि में काफी वृद्धि हुई। 2022 में, USAID ने भारत में परियोजनाओं के लिए 228 मिलियन डॉलर (लगभग 1982 करोड़) की राशि आवंटित की, जो 2001 के बाद से सबसे अधिक है। 2020 में यह राशि 83.2 मिलियन डॉलर थी, जो 2021 में बढ़कर 94.3 मिलियन हो गई थी। 2022 में यह 22.8 करोड़ डॉलर तक पहुंच गई।