Who is Union Minister Ravneet Singh Bittu who is in limelight after spat with Rahul gandhi कौन हैं पूर्व कांग्रेसी रवनीत सिंह बिट्टू, जिन्हें राहुल गांधी ने सभी के सामने गद्दार कह दिया, India News in Hindi - Hindustan
More

कौन हैं पूर्व कांग्रेसी रवनीत सिंह बिट्टू, जिन्हें राहुल गांधी ने सभी के सामने गद्दार कह दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में बिट्टू केंद्रीय रेल राज्य मंत्री हैं। वह राज्यसभा सांसद हैं। खास बात है कि बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, जिनकी 31 अगस्त 1995 में मानव बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।

Wed, 4 Feb 2026 01:54 PMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
कौन हैं पूर्व कांग्रेसी रवनीत सिंह बिट्टू, जिन्हें राहुल गांधी ने सभी के सामने गद्दार कह दिया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से तकरार के बाद एक बार फिर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू चर्चा में हैं। बुधवार को राहुल की तरफ से गद्दार कहे जाने के बाद दोनों नेताओं के बीच थोड़ी कहासुनी हुई थी। पंजाब में कभी कांग्रेस का बड़ा चेहरा रहे बिट्टू साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

कौन हैं रवनीत सिंह बिट्टू

10 सितंबर 1975 को जन्मे बिट्टू लंबे समय तक कांग्रेस के साथ रहे। वह साल 2009, 2014 और 2019 में कांग्रेस के टिकट पर ही लोकसभा चुनाव जीते। खास बात है कि साल 2024 में चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए थे। पार्टी ने उन्हें लुधियाना से टिकट दिया था, लेकिन वह पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंद सिंह वडिंग से 20 हजार से ज्यादा मतों से चुनाव हार गए थे।

हारकर भी बने मंत्री

बड़ी हार के बाद भी जून 2024 में बिट्टू को केंद्रीय मंत्री बनाया गया था। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, मई 2024 में लुधियाना में प्रचार के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मतदाताओं से वादा किया था कि अगर वे बिट्टू को वोट देते हैं, तो उन्हें 'बड़ा आदमी' बनाने की जिम्मेदारी खुद निभाएंगे। उन्होंने कहा था कि ऐसा इसलिए क्योंकि वह उनके कई सालों से मित्र हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में बिट्टू केंद्रीय रेल राज्य मंत्री हैं। वह राज्यसभा सांसद हैं। खास बात है कि बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, जिनकी 31 अगस्त 1995 में मानव बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी।

कांग्रेस का सफर

23 दिसंबर 2008 में बिट्टू पहली बार लोकतांत्रिक रूप से पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष चुने गए थे। 2009 में पंजाब युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहते हुए उन्हें ड्रग्स की लत के खिलाफ अभियान की शुरुआत की थी। मई 2011 में उन्होंने 11 कार्यकर्ताओं के साथ अनिश्चितकाल भूख हड़ताल की थी, जो 121 घंटे चली। इसके बाद राज्य सरकार ने ड्रग्स रोकथाम बोर्ड का गठन किया था।

क्या है ताजा विवाद

कांग्रेस के नेता रह चुके बिट्टू संसद भवन में प्रवेश कर रहे थे और वह टिप्पणी करते सुने गए कि ये (प्रदर्शन कर रहे सांसद) जंग जीतकर आए हैं। इस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा, 'देखिए यहां एक गद्दार चला आ रहा है...मेरे गद्दार मित्र, चिंता मत करो, वापस आ जाओ।' इस पर बिट्टू ने कहा कि 'ये देश के दुश्मन हैं।' राहुल गांधी ने केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बिट्टू से हाथ मिलाने का प्रयास किया, हालांकि भाजपा नेता ने हाथ नहीं मिलाया और सीधे संसद भवन के अंदर चले गए।