बंगाल में रूपा गांगुली को बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है भाजपा, TMC कार्यकर्ता को जड़ चुकी हैं थप्पड़
पश्चिम बंगाल में भाजपा रूपा गांगुली को बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। सूत्रों के अनुसार, वह राज्य की अगली डिप्टी सीएम बनाई जा सकती हैं। हालांकि, इस रेस में दो और महिलाओं के भी नाम शामिल हैं। वहीं, शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

साल था 2016 और महीना अप्रैल, भाजपा की महिला नेता रूपा गांगुली का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता को थप्पड़ मारते कैद हुईं। इस घटना से राजनीतिक माहौल गरमा गया और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। हालांकि, गांगुली ने कहा कि जब वह मतदान के दौरान बूथों पर वोटर्स की शिकायत की जांच करने गईं, तब उन्हें टीएमसी के गुंडों ने झूठे आरोप लगाए। इसी दौरान मामला बढ़ा और बात थप्पड़ तक जा पहुंची। अब आते हैं साल 2026 पर, यानी कि एक दशक बाद। राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। भाजपा ने टीएमसी को करारी हार चखाते हुए 208 सीटें जीती हैं। अब राज्य के अगले मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री के नामों पर चर्चा हो रही है। इसमें डिप्टी सीएम जैसी बड़ी जिम्मेदारी के लिए एक बड़ा नाम रूपा गांगुली का भी सामने आ रहा है।
रूपा को डिप्टी सीएम बना सकती है पार्टी!
राज्य में दो डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं। इसमें एक नाम रूपा गांगुली का हो सकता है। हालांकि, दो अन्य महिलाएं भी इस रेस में हैं। एक अग्निमित्रा पॉल और दूसरी लॉकेट चटर्जी। इन तीनों में सबसे आगे नाम रूपा गांगुली का ही चल रहा है। वहीं, एक और डिप्टी सीएम शंकर घोष हो सकते हैं, जोकि सिलीगुड़ी से जीते हैं।
सीएम की रेस में शुभेंदु सबसे आगे
सूत्रों के अनुसार, भाजपा पश्चिम बंगाल में अगला मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बना सकती है। टीएमसी से भाजपा में आए अधिकारी पिछले छह सालों में पार्टी के लिए बड़ा चेहरा रहे। यहां तक कि उन्होंने दो बार ममता बनर्जी को हराया। पहली बार पिछले विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम से और इस बार भवानीपुर से। ममता बनर्जी को हराने की वजह से और गृह मंत्री अमित शाह के भरोसेमंद नेताओं में गिने जाने के चलते अधिकारी का सीएम बनना तय माना जा रहा है।
शुभेंदु के अलावा और किन नामों पर चर्चा?
भाजपा हमेशा चौंकाने के लिए पहचानी जाती है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश से लेकर तमाम राज्यों तक उसने अतीत में ऐसे नेताओं को सीएम बनाया है, जिनको लेकर किसी भी तरह की अटकलें पहले से नहीं लग रही थीं। ऐसे में अब जब बंगाल में सब शुभेंदु अधिकारी का ही नाम तय मान रहे हैं तो एक चर्चा यह भी है कि अधिकारी के बजाए पार्टी हो सकता हो किसी और नेता को सीएम बना दे। इस रेस में दिलीप घोष, समिक भट्टाचार्य, सुकांत मजूमदार जैसे नाम भी शामिल हैं। हालांकि, आखिरी फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही करेगा।




साइन इन