West Bengal News Mamata Banerjee tmc leader found under bundles of sarees arrested by police CM Suvendu Adhikari साड़ी के बंडल के नीचे छिपे मिले ममता बनर्जी के नेता, कट मनी लेने का आरोप; अरेस्ट, India News in Hindi - Hindustan
More

साड़ी के बंडल के नीचे छिपे मिले ममता बनर्जी के नेता, कट मनी लेने का आरोप; अरेस्ट

West Bengal News: पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार लगातार ऐक्शन में है। हावड़ा से ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेता का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गिरफ्तारी के डर से वह साड़ियों के ढेर के नीचे छिपा नजर आ रहा है। 

Sun, 7 June 2026 10:53 PMUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share
साड़ी के बंडल के नीचे छिपे मिले ममता बनर्जी के नेता, कट मनी लेने का आरोप; अरेस्ट

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार जाने के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की हालत खराब हो रही है। एक के बाद एक नेता पुराने आरोपों में धरे जा रहे हैं। राज्य की शुभेंदु अधिकारी सरकार गलत काम करने वाले लोगों के ऊपर कहर बनकर टूट रही है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल के हावड़ा टीएमसी नेता का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में नेता पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए साड़ियों के बंड़ल के नीचे छिपता हुआ नजर आ रहा है। हालांकि बाद में पुलिस वहां से बंडल हटाती है और उसे गिरफ्तार कर लिया जाता है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद सामने आई रिपोर्ट्स में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान टीएमसी नेता ब्रह्मानंद चक्रवर्ती के रूप में हुई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चक्रवर्ती के ऊपर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से कमीशन (स्थानीय भाषा में कट मनी) लेने का आरोप है। आरोप है कि पहले टीएमसी सरकार में अच्छी पकड़ होने की वजह से चक्रवर्ती पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी। लेकिन जब शुभेंदु अधिकारी की सरकार आई तो स्थानीय महिलाओं ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में की। इसके बाद पुलिस उसके घर पर तलाशी के लिए पहुंची। इसी दौरान पुलिस से बचने के लिए चक्रवर्ती साड़ियों के ढेर के नीचे छिप गया। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है।

ममता बनर्जी सरकार पर कटमनी के आरोप

पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार के ऊपर राज्य में कट मनी चलाने का आरोप पहले भी लगते रहे हैं। अब, राज्य में भाजपा की सरकार आने के बाद लगातार टीएमसी नेताओं पर ऐक्शन हो रहा है। स्थानीय लोग भी खुलकर सामने आ रहे हैं। हावड़ा जिले की इस घटना के भाजपा ने इसे तृणमूल कांग्रेस की कट मनी पॉलिसी का अंत बताया। तो वहीं दूसरी तरफ टीएमसी की तरफ से अभी तक इस पर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

बता दें, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस ने करीब 15 साल सत्ता का सुख भोगा है। 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के पहले ममता बनर्जी देश की सबसे ताकतवर नेताओं में से एक गिनी जाती थीं, जिनकी पार्टी के पास राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस को चुनौती देने की ताकत थी। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का किला ध्वस्त हो चुका है। इतना ही नहीं वह अपनी पार्टी से भी पकड़ खोती हुई नजर आ रही हैं। टीएमसी के लगभग सभी विधायक अभिषेक बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं, जबकि सांसद भी ऐसे संकेत दे रहे हैं कि जल्दी ही वह भी ममता के सामने अपनी मांगें रख सकते हैं।4 मई के बाद ममता बनर्जी के लिए सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कभी इंडिया गठबंधन को खुले आम छोड़कर जाने वाली ममता बनर्जी अब उसी की बैठक के लिए दिल्ली में मौजूद हैं। साथ में उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी हैं।