West Bengal Election Result Latest Update PM Modi reveals Bengal BJP government first decision presents vision बंगाल की भाजपा सरकार का पहला फैसला क्या होगा, PM मोदी ने बता दिया; पेश किया विजन, India News in Hindi - Hindustan
More

बंगाल की भाजपा सरकार का पहला फैसला क्या होगा, PM मोदी ने बता दिया; पेश किया विजन

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में भाजपा की जबरदस्त जीत के बाद पहला बड़ा संकेत देते हुए राज्य के भविष्य का रोडमैप साफ कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल अब विकास, विश्वास और उम्मीद की नई यात्रा पर निकल पड़ा है।

Mon, 4 May 2026 07:52 PMDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share
बंगाल की भाजपा सरकार का पहला फैसला क्या होगा, PM मोदी ने बता दिया; पेश किया विजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में भाजपा की जबरदस्त जीत के बाद पहला बड़ा संकेत देते हुए राज्य के भविष्य का रोडमैप साफ कर दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल अब विकास, विश्वास और उम्मीद की नई यात्रा पर निकल पड़ा है। प्रधानमंत्री ने हर बंगालवासी को भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार दिन-रात काम करके राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं को सुरक्षित माहौल मिलेगा, युवाओं को भरपूर रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे और इससे राज्य से पलायन पर पूरी तरह रोक लगेगी।

पहला कैबिनेट फैसला होगा ऐतिहासिक

पीएम मोदी ने बताया कि भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी दी जाएगी, जिससे लाखों परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही राज्य में घुसपैठ और अवैध प्रवास के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भी सख्त आश्वासन दिया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल का नया भविष्य अब शुरू हो चुका है, जहां विकास की गति तेज होगी, कानून का राज स्थापित होगा और हर नागरिक को समृद्धि और सुरक्षा का अधिकार मिलेगा।

बंगाल में अब भय की नहीं, भविष्य की राजनीति

इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल के सभी राजनीतिक दलों से राजनीतिक हिंसा हमेशा के लिए खत्म करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दशकों से चली आ रही हिंसा ने हजारों परिवारों को प्रभावित किया है। अब समय आ गया है कि बदले की राजनीति छोड़कर बदलाव और भविष्य की राजनीति की जाए। पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि भय की नहीं, भविष्य की राजनीति होनी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे वोट के भेदभाव से ऊपर उठकर पूरे बंगाल की सेवा करें और हिंसा के चक्र को तोड़ दें।

बंगाल चुनाव ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री मोदी ने इस बार बंगाल विधानसभा चुनाव को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पहले जहां चुनावी हिंसा और डर की खबरें आती थीं, इस बार शांतिपूर्ण मतदान हुआ। पहली बार चुनावी हिंसा में किसी निर्दोष की जान नहीं गई। उन्होंने कहा कि इस बार बंदूक की आवाज नहीं, जनता की आवाज गूंजी है। पीएम मोदी ने इसे लोकतंत्र की बड़ी जीत करार दिया और कहा कि बंगाल में अब डर का माहौल समाप्त हो रहा है और लोकतंत्र की ताकत मजबूती से स्थापित हो रही है।