महिलाओं का अपमान कर रहीं सेंट्रल फोर्सेस; ममता बनर्जी के तीखे आरोप, बोलीं- बंगाल को बांटने की साजिश
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल को तीन हिस्सों में बांटने की कोशिश कर रही है। राज्य के कुछ हिस्सों को बिहार और ओडिशा में शामिल करने की साजिश है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर अब राजनीति तेज हो गई है। सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल को तीन हिस्सों में बांटना चाहती है और उसके कुछ हिस्सों को बिहार और ओडिशा में शामिल करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों को दूसरे राज्यों में शामिल करके वहां रहने वाले बंगालियों को परेशान किया जाएगा। इतना ही नहीं ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के लिए तैनात केंद्रीय सुरक्षा बल जांच के नाम पर महिलाओं का अपमान कर रही हैं।
पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में चुनावी रैलियों को संबोधित करने पहुंची ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, "भाजपा पश्चिम बंगाल को तीन भागों में बांटने के लिए परिसीमन विधेयक लाने की योजना बना रही है। इससे पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्से बिहार या ओडिशा में विलय हो सकते हैं और वहां के बंगालियों को परेशानी हो सकती है।"
टीएमसी को सत्ता से हटाने के लिए BJP ने की 1000 करोड़ की डील: ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने टीएमसी को बंगाल की सत्ता से हटाने के लिए एक हजार करोड़ की डील की है। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर के एक वायरल वीडियो का स्पष्ट रूप से जिक्र किया, जिसमें कथित तौर पर उन्हें यह कहते हुए सुना गया कि वे ममता बनर्जी को सत्ता से हटाने के लिए सुवेंदु अधिकारी सहित भाजपा नेताओं के साथ निकट संपर्क में थे और उन्होंने टीएमसी को हराने के लिए अल्पसंख्यक वोटों को विभाजित करने के 1,000 करोड़ रुपये के सौदे के अग्रिम भुगतान के रूप में 200 करोड़ रुपये प्राप्त किए थे।
सत्ता में आते ही एसआईआर को कर देंगे रद्द : ममता बनर्जी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) को हाल के दिनों का “देश का सबसे बड़ा घोटाला” बताया। उन्होंने आगे कहा, “एसआईआर हाल के दिनों में देश का सबसे बड़ा घोटाला है। दुनिया में हर कोई जानता है कि आपकी सरकार 2026 में गिर जाएगी। तब हम आपकी सरकार द्वारा लाए गए सभी जनविरोधी कानूनों को रद्द कर देंगे।"




साइन इन