सनातन का सम्मान करें विजय, उदयनिधि के खिलाफ लें सख्त ऐक्शन: विश्व हिंदू परिषद
VHP ने कहा कि विजय को हिंदुओं और सनातन की उदार परंपरा का सम्मान करना चाहिए और उदयनिधि के खिलाफ सख्त ऐक्शन लेना चाहिए। जैन ने कहा कि कई लोग जिन्होंने सनातन को खत्म करने की कोशिश की, वे खुद खत्म हो गए, लेकिन यह आध्यात्मिक परंपरा आगे बढ़ती रही।

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने गुरुवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से आग्रह किया कि वे डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें। उदयनिधि ने हाल ही में सनातन धर्म को खत्म करने की बात कही थी। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र कुमार जैन ने यह भी कहा कि तमिलनाडु विधानसभा के स्पीकर को उदयनिधि की बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटा देना चाहिए। उदयनिधि हिंदुओं की भावनाओं का अपमान करने के आदी हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हम मुख्यमंत्री थलापति विजय जी से आग्रह करते हैं। यह बयान उन्हीं के सामने दिया गया था। उन्हें इसकी कड़े शब्दों में निंदा करनी चाहिए। उन्हें उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। तमिलनाडु में 87 फीसदी हिंदू हैं, लेकिन, उन्होंने ईसाई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले व्यक्ति को मुख्यमंत्री चुना। सिर्फ छह प्रतिशत।"
उन्होंने कहा कि विजय को हिंदुओं और सनातन की उदार परंपरा का सम्मान करना चाहिए और उदयनिधि के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। यह जोर देते हुए कि सनातन धर्म शाश्वत है, जैन ने कहा कि कई लोग जिन्होंने सनातन को खत्म करने की कोशिश की, वे खुद खत्म हो गए, लेकिन यह आध्यात्मिक परंपरा आगे बढ़ती रही। उन्होंने पूछा कि क्या उदयनिधि ईसाई धर्म या इस्लाम के खिलाफ भी इसी तरह की टिप्पणियां कर सकते हैं?
उदयनिधि ने 12 मई को तमिलनाडु विधानसभा में सनातन धर्म को खत्म करने की मांग की, यह दावा करते हुए कि यह लोगों को बांटता है। उन्होंने सितंबर 2023 में की गई अपनी इसी तरह की विवादित टिप्पणियों को दोहराया। तेलंगाना की वन मंत्री कोंडा सुरेखा की हालिया टिप्पणियों का जिक्र करते हुए, जिनमें उन्होंने पूछा था कि क्या राज्य को केंद्र से कोई फंड मिल रहा है, जबकि भाजपा नेता 'जय श्री राम' के नारे लगा रहे थे, जैन ने कहा कि वह इन सभी नेताओं को याद दिलाना चाहेंगे कि वे राम का सामना न करें।
उन्होंने कहा, "ममता (बनर्जी) ने ऐसा किया था। उसका नतीजा हमारे सामने है। अब हिंदू-विरोधी राजनीति खत्म हो चुकी है। उन्हें यह बात समझनी चाहिए। उन्हें अपनी टिप्पणी वापस लेनी चाहिए और हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए। वे भाजपा के साथ अपनी राजनीतिक लड़ाइयां लड़ सकते हैं।'' तेलंगाना में गायों की हत्या की घटनाओं में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए वीएचपी ने गुरुवार को यहां विरोध प्रदर्शन किया। जैन ने दावा किया कि आंध्र प्रदेश गोहत्या निषेध अधिनियम के पारित होने के बाद से पिछले 50 वर्षों में इस कानून के तहत एक भी व्यक्ति को सजा नहीं मिली है, और उन्होंने इस कानून को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की।




साइन इन