US President Donald Trump made record in forcibly sending Indians, how many deported from US in last 12 years see data भारतीयों को जबरन भेजने में रिकॉर्ड बना चुके हैं ट्रंप, 12 सालों में US से कब-कब और कितने हुए डिपोर्ट, India News in Hindi - Hindustan
More

भारतीयों को जबरन भेजने में रिकॉर्ड बना चुके हैं ट्रंप, 12 सालों में US से कब-कब और कितने हुए डिपोर्ट

आकंड़े बता रहे हैं कि सबसे ज्यादा भारतीयों का निर्वासन साल 2019 में हुआ था। उस समय डोनाल्ड ट्रंप की सरकार थी। जनवरी 2017 से जनवरी 2021 तक ट्रंप का पहला कार्यकाल था।

Thu, 6 Feb 2025 04:16 PMPramod Praveen लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
भारतीयों को जबरन भेजने में रिकॉर्ड बना चुके हैं ट्रंप, 12 सालों में US से कब-कब और कितने हुए डिपोर्ट

अमेरिका से जबरन 104 भारतीयों को निर्वासित किए जाने पर देशभर में हल्ला हो रहा है। आपत्ति इस बात पर जताई जा रही है कि अमेरिकी सरकार ने भारतीयों को हथकड़ी और पैरों में जंजीर डालकर डिपोर्ट किया है। आज (गुरुवार को) संसद में भी इसकी गूंज सुनाई दी। विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा। इस पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राज्यसभा में कहा कि अमेरिका में बिना दस्तावेज़ों के रह रहे भारतीयों को निर्वासित किए जाने की प्रक्रिया नई नहीं है और यह सभी देशों का दायित्व है कि यदि उनके नागरिक विदेशों में अवैध रूप से रह रहे हैं तो उन्हें वापस ले।

राज्यसभा में इस संबंध में एक बयान देते हुए जयशंकर ने यह भी कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका की सरकार के साथ बातचीत कर रहे हैं कि निर्वासित लोगों के साथ दुर्व्यवहार न हो।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सभी देशों का दायित्व है कि यदि उनके नागरिक विदेश में अवैध रूप से रह रहे पाए जाते हैं तो वे अपने नागरिकों को वापस लें। यह नीति केवल एक देश पर लागू नहीं है। निर्वासन की प्रक्रिया कोई नयी नहीं है, यह कई वर्षों से है।’’

कब-कब कितने भारतीय निकाले गए

इसके साथ ही जयशंकर ने अमेरिका से अब तक भारत निर्वासित किए गए लोगों के आंकड़े भी सदन में रखे। उन्होंने कहा कि साल 2009 में 734, साल 2010 में 799, साल 2011 में 597, साल 2012 में 530 भारतीयों को निर्वासित किया गया। उन्होंने इस संबंध में 2024 तक के आंकड़े साझा किए। विदेश मंत्री ने कहा कि साल 2013 में 550, साल 2014 में 591, साल 2015 में 708, साल 2016 में 1303, साल 2017 में 1024, साल 2018 में 1180, साल 2019 में 2042, साल 2020 में 1889, साल 2021 में 805, साल 2022 में 862, साल 2023 में 670 और साल 2024 में 1368 लोगों को डिपोर्ट किया गया है। इस साल यानी 2025 में अब तक 104 लोगों को डिपोर्ट किया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:भारतीयों को डिपोर्ट कर भी न हुआ संतोष, वीडियो से क्या जताना चाह रही ट्रंप सरकार
ये भी पढ़ें:डिपोर्टेशन में ट्रंप के भी उस्ताद पूर्व राष्ट्रपति, सबसे आगे कौन?ओबामा या बाइडेन
ये भी पढ़ें:हथकड़ी लगाई, अपमानित किया गया; US से निकाले गए भारतीयों पर कांग्रेस का बड़ा दावा

ट्रंप के कार्यकाल में सबसे ज्यादा निर्वासन

आकंड़े बता रहे हैं कि सबसे ज्यादा भारतीयों का निर्वासन साल 2019 में हुआ था। उस समय डोनाल्ड ट्रंप की सरकार थी। जनवरी 2017 से जनवरी 2021 तक ट्रंप का पहला कार्यकाल था। उस दौरान भी सबसे ज्यादा भारतीयों को निर्वासित किया गया था। उनके पहले कार्यकाल में कुल 6135 भारतीयों को निर्वासित किया गया था, जबकि जो बाइडेन के कार्यकाल (2021 से 2025) में कुल 3705 भारतीयों का निर्वासन हुआ है। बराक ओबामा के पहले कार्यकाल (2009 से 2013) में 2660 और दूसरे कार्याकल (2013-2017) में 3152 भारतीयों का निर्वासन हो चुका है। यानी ओबामा के दोनों कार्यकाल में कुल 5812 भारतीयों का निर्वासन हुआ है।