UNSC emergency meeting held after US attack on Iran what did India say ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद हुई UNSC की इमरजेंसी मीटिंग, पाकिस्तान ने क्या कहा, India News in Hindi - Hindustan
More

ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद हुई UNSC की इमरजेंसी मीटिंग, पाकिस्तान ने क्या कहा

ईरान पर अमेरिका के हमले के बाद UNSC यानी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकाल बैठक बुलाई गई। खबर है कि इस दौरान कई देशों ने हमले की आलोचना की है और दोबारा संघर्ष विराम वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।

Mon, 23 June 2025 09:56 AMNisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान
share
ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद हुई UNSC की इमरजेंसी मीटिंग, पाकिस्तान ने क्या कहा

ईरान पर अमेरिका के हमले के बाद UNSC यानी संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकाल बैठक बुलाई गई। खबर है कि इस दौरान कई देशों ने हमले की आलोचना की है और दोबारा संघर्ष विराम वार्ता शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इस दौरान पाकिस्तान ने भी संघर्ष विराम का समर्थन किया। रविवार को अमेरिका ने ईरान पर हमला किया और तीन परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया।

मीडिया रिपोर्ट्स में राजनयिकों के हवाले से बताया है कि रूस, चीन और पाकिस्तान ने तत्काल और बगैर शर्त संघर्ष विराम के प्रस्ताव की मांग की है। फिलहाल, यह साफ नहीं है कि मसौदे पर मतदान कब किया जाएगा। राजनयिकों ने कहा कि तीनों देशों ने अपना प्रस्ताव रखा।

प्रस्ताव को पारित होने के लिए कम से कम नौ मतों की आवश्यकता होती है। साथ ही संयुक्त राज्य अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, रूस या चीन द्वारा वीटो नहीं किया जाना चाहिए। अमेरिका द्वारा मसौदा प्रस्ताव का विरोध किए जाने की संभावना है।

क्या करेगा ईरान

ईरान ने कहा है कि अमेरिका ने देश के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमला करके ‘‘कूटनीति के रास्ते बंद करने का फैसला किया’’, अब उसके हमलों पर जवाबी कार्रवाई का वक्त, तरीका और इसका पैमाना क्या होगा इसके बारे में फैसला सेना करेगी।

संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत आमिर सईद इरावनी ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपातकालीन बैठक में कहा कि ईरान ने अपने तीन परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमलों के बाद कहा कि ‘‘ईरान ने युद्धोन्मादी अमेरिकी शासन को बार-बार चेतावनी दी थी कि वह इस दलदल में न फंसे।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका ने ईरान के परमाणु केंद्रों पर हमले करके ‘‘कूटनीति के रास्ते बंद करने का निर्णय लिया’’ तथा अब ईरान की सेना यह निर्णय करेगी कि जवाबी कार्रवाई कब की जाएगी और इसकी प्रकृति कैसी होगी तथा इसे कैसे अंजाम दिया जाएगा। ईरानी राजदूत ने बैठक में कहा, ‘‘हम सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।’’