सेवा तीर्थ में हुई केंद्रीय कैबिनेट की पहली बैठक, पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया आगे बढ़ने का मंत्र
नवनिर्मित सेवा तीर्थ में मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की पहली बैठक हुई। प्रधानमंत्री ने इसको लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा है कि इस बैठक में देश के लिए कई अभूतपूर्व निर्णय लिए गए।

नवनिर्मित सेवा तीर्थ में मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की पहली बैठक हुई। प्रधानमंत्री ने इसको लेकर एक्स पर पोस्ट किया है। अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा है कि इस बैठक में देश के लिए कई अभूतपूर्व निर्णय लिए गए। इस दौरान, कैबिनेट ने ये संकल्प भी लिया कि स्वदेशी सोच, आधुनिक स्वरूप और 140 करोड़ देशवासियों के अनंत सामर्थ्य की बुनियाद पर बना सेवा तीर्थ राष्ट्रसेवा के कर्तव्य-यज्ञ को निरंतर आगे बढ़ाएगा। उन्होंने लिखा कि इस राष्ट्रयज्ञ में हमारा मंत्र है -यद् भद्रं तन्न आ सु। अर्थात्, जो कुछ शुभ और कल्याणकारी है, जो भी नए विचार हैं, वो हमें अनवरत प्राप्त होते रहें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में, यह संकल्प भी लिया गया कि संवैधानिक मूल्य उस नैतिक प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है, जो शासन को नागरिक की गरिमा, समानता और न्याय से जोड़ती है। सेवा तीर्थ की कार्य-संस्कृति में यही भावना निहित होगी, जहां हर नीति संविधान की मूल भावना के अनुरूप होगी और हर निर्णय देशवासियों की आकांक्षाओं के प्रति उत्तरदायी होगा। यह बैठक एवं यह भवन नये भारत के नवनिर्माण की एक स्पष्ट अभिव्यक्ति है।
एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस शुरुआत के साथ, हम उस भविष्य का स्वागत कर रहे हैं, जिसके निर्माण में सदियों का श्रम लगा है। आजादी के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) साउथ ब्लॉक में इतने दशकों तक सरकारों ने विरासत को संभाला और भविष्य के सपने देखे। इसमें कहा गया है कि हमने एक ऐसे भारत के सपने देखे, जिसकी सोच स्वदेशी हो, स्वरूप आधुनिक हो, और सामर्थ्य अनंत हो। आज यह सेवातीर्थ उसी संकल्पना का वह मूर्त रूप है जो लोकतंत्र की जननी के रूप में भारत के गौरव को बढ़ाएगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने यह संकल्प दोहराया कि इस परिसर में लिया गया प्रत्येक निर्णय ‘नागरिक देवो भव’ की भावना से प्रेरित होगा। यह स्थान सत्ता के प्रदर्शन का नहीं, वरन् प्रत्येक भारतवासी के सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा। सेवा तीर्थ’ से संचालित शासन का हर प्रयास देश के अंतिम व्यक्ति के जीवन को सरल बनाने की भावना से जुड़ा रहेगा। हम ये दोहराते हैं कि, हम अपने विज़न के मुताबिक उस गवर्नेंस मॉडल को और मजबूती देंगे, जो पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक की संवेदनाओं के प्रति सजग हो।




साइन इन